197 करोड़ रुपये के ताजगंज प्रोजेक्ट के लोकार्पण से पहले ताजमहल पूर्वी गेट पर राजकीय निर्माण निगम को 100 मीटर का मॉडल तैयार करना होगा। शुक्रवार को प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल ने ताजगंज प्रोजेक्ट के निरीक्षण के दौरान ताजमहल पूर्वी गेट, दक्षिणी गेट और पश्चिमी गेट पर चल रहे काम देखे। प्रोजेक्ट में लाइटिंग और बिजली के काम में ढिलाई बरतने पर निर्माण निगम की विद्युत इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 15 दिन में कमियां दूर करने की चेतावनी देते हुए सहगल ने टोरंट के कारण हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
शुक्रवार सुबह प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल प्रशासनिक अमले के साथ ताजगंज पहुंचे और लोगों से प्रोजेक्ट के बारे में पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान सहगल ने अंडरग्राउंड केबल होेने के बाद भी स्ट्रीट लाइट के खंभे लगे होने पर आश्चर्य जताया। निर्देश दिए कि टोरंट से खंभे हटवाए जाएं और प्रोजेक्ट के तहत लगने वाली लाइटें जल्द लगाई जाएं। टोरंट की केबल के नालियों में फंसने के कारण पानी का बहाव बंद हो जाने से हो रहे जलभराव पर उन्होंने निर्माण निगम से कार्रवाई को कहा। जीएम एके गहलोत से कुत्ता पार्क से ड्रेनेज की दोबारा स्टडी कराने को कहा ताकि पानी न भरे। थर्ड पार्टी बीएलटी को सड़कों पर लगाए गए रेड सैंड स्टोन के टेढ़े मेढ़े लगने पर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
ये खामियां निकल कर आईं सामने
- असद गली से आरके स्टूडियो तक कोबल स्टोन का लेवल ऊबड़ खाबड़
- ताजगंज की नालियों में बहाव सामान्य नहीं, जलभराव की समस्या बरकरार
- ताजगंज दक्षिणी गेट की ओर नालियों के किनारे पत्थर उखड़ने लगे हैं
- चौक कागजियान में नाली पर जंगरोधक पेंट के बिना आयरन फ्रेम बनाए
- दक्षिणी गेट से कुत्ता पार्क तक नालियों का ग्रेडिएंट सही नहीं किया गया
ट्रांसफार्मर और पेड़ तक रेड स्टोन के रंग में रंगेंगे
ताजगंज में टोरंट द्वारा लगाए गए ट्रांसफार्मरों को देखकर पर्यटन सचिव सहगल ने निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर और पेड़ों के चार फुट ऊंचाई तक एक ही रंग किया जाए, जिससे यह प्रोजेक्ट में मैच कर सके। प्रोजेक्ट की खूबियां बताने वाले 15 होर्डिंग ताजगंज क्षेत्र में लगाने चाहिए, जिससे पर्यटकों को इसके बारे में पता चल सके कि क्या काम और होने हैं।
मुगल म्यूजियम में काम करता न मिला कोई
ताज पूर्वी गेट पर मुगल म्यूजियम का काम देखने पहुंचे सचिव पर्यटन को वहां कोई भी न मिला तो वह हैरत में पड़ गए। टाटा प्रोजेक्ट मुगल म्यूजियम का काम कर रही है। इसे मई 2017 में पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन सहगल ने कहा कि मार्च 2017 तक म्यूजियम का काम पूरा होना चाहिए।
‘ताजगंज प्रोजेक्ट में बिजली और स्ट्रीट लाइट के काम में काफी शिकायतें हैं। इसके कारण ड्रेनेज में भी दिक्कतें मिली हैं। 15 दिन बाद मैं दोबारा निरीक्षण करने के लिए आऊंगा। 100 मीटर का मॉडल बनाने को कहा गया है मुख्यमंत्री 30 सितंबर को ताजगंज प्रोजेक्ट का लोकार्पण करने के लिए आएंगे। ’
नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव पर्यटन