मैनपुरी। कोरोना महामारी के बीच लोगों के फेंफड़ों में संक्रमण हो रहा है। सांस लेने में दिक्कत के साथ उनकी मौत हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल पहुंचे 10 मरीजों की मौत हो गई। दो मरीजों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। मरने वालों में पांच को फेंफड़ों में संक्रमण जबकि पांच को सांस लेने में दिक्कत थी।
शहर के आश्रम रोड निवासी 80 वर्षीय गिरजा देवी, मनसुखपुर निवासी 68 वर्षीय रामअवतार सिंह, शहर के मोहल्ला रघुराजपपुरी निवासी 85 वर्षीय उमा देवी, करहल के दौलतपुर निवासी 55 वर्षीय आशा देवी और मोहम्मदाबाद निवासी 47 वर्षीय रानी सैनी को फेंफड़ों में संक्रमण होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव जिरौली निवासी 60 वर्षीय प्रेमवती, नगला धर्मपाल ज्योंती निवासी 55 वर्षीय रामवीर सिंह, शहर के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी 51 वर्षीय राजमोहन, हंसनगर निवासी 41 वर्षीय अल्पना पाल और दन्नाहार निवासी 80 वर्षीय मान सिंह को सांस लेने में दिक्कत होने पर बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बृहस्पतिवार को 35 मरीजों को भर्ती कराया गया जिसमें से दो को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया गया।