आगरा में खुले नाले ने एक और जान ले ली। थाना जगदीशपुरा के बोदला-बिचपुरी मार्ग स्थित कलवारी चाैराहे के पास बुधवार सुबह नाले में एक युवक का शव मिला। सूचना पर आई पुलिस ने शव को निकाला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया है।
नाले में करीब एक घंटे बाद एक साइकिल भी मिली। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान के लिए आसपास के थानों में लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। एसीपी लोहामंडी गाैरव सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी। थाना जगदीशपुरा पुलिस को भेजा गया। शव को लोगों की मदद से निकलवाया गया।
मृतक की उम्र 35-40 वर्ष के करीब है। हाथों में सर्जिकल ग्लब्स थे। साथ ही जेब में किसी ताले की चाबी और मेडिकल ट्यूब रखे हुए थे। मोबाइल भी मिला। आसपास के लोग शिनाख्त नहीं कर सके।
बाद में बुलडोजर से नाले के अंदर का मलबा निकाला गया। तब एक साइकिल भी निकली। इससे आशंका है कि युवक नाला खुला होने की वजह से साइकिल समेत नाले में गिर गया। नाले की चाैड़ाई और गहराई 10 फीट से अधिक है। झाड़ियां होने की वजह से किसी को उसके गिरने का तुरंत पता नहीं चल सका। मंगलवार को एक महिला ने झाड़ियों को काटा तब शव पानी में उतराया दिखा।
नाले में गंदगी से परेशानी
कलवारी चाैराहे के पास खोखा लगाकर खाने के सामान की बिक्री करने वाले निजाम ने बताया कि नाला बोदला से बिचपुरी तक है। इसकी न तो दीवार है और न ही ढका गया है। बारिश के दिनों में नाला ओवरफ्लो होने से सड़क पर पानी आ जाता है। आसपास के लोगों को गंदगी से परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं पंक्चर बनाने के दुकानदार पप्पू ने बताया कि नाला खुला होने की वजह से कई बार लोगों की जान जा चुकी है। लोग कूड़ा भी फेंक देते हैं। इसके बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
पूर्व में भी खुले नालों में गिरने से लोगों की जान जा चुकी है। बोदला-बिचपुरी मार्ग के नाले में गिरकर 10 साल पहले एक बालक की मौत हुई थी। एक साल पहले कोठी मीना बाजार में नाले में गिरकर युवक हरीश की जान चली गई थी। जुलाई 2024 में ही स्कूटर में टक्कर लगने से मां-बेटे नाले में गिर गए थे। बेटे को लोगों ने बचा लिया था। मंटोला स्थित नाले में कई बार लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि हादसे के बाद कोठी मीना बाजार के नाले को लोहे की जाली से ढक दिया गया था।