किरावली। कस्बे के व्यापारियन मोहल्ला के रहने वाले टायर विक्रेता असरार से शनिवार की रात बदमाशों ने 1.88 लाख रुपये तमंचा सटाकर लूट लिया। वारदात बाइक सवार तीन बदमाशों ने की। हालांकि इस दौरान बदमाश पीड़ित का मोबाइल और पीछे की जेब में रखा 14900 रुपये नहीं देख सके।
असरार ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को तकादा करने गया था। धौलपुर से डेढ़ लाख और खेरागढ़ से 38500 रुपये लेकर बाइक से घर आ रहा था। किरावली-कागारौल मार्ग पर मोरी ईंट भट्ठे के पास बदमाशों ने उसकी बाइक ओवरटेक कर रोकी और तमंचा सटाकर लूट लिया। इंस्पेक्टर अछनेरा विपिन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।