उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर एक शादीशुदा युवक ने दोस्त की पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। करीब 40 प्रतिशत झुलसी हालत में उसे जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे विजय नगर क्रासिंग रिपब्लिक के गेट नंबर दो पर हुई। घटना के बाद से आरोपी परिवार सहित फरार है। पीड़ित के पति ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
एसएसपी धर्मेंद्र्र सिंह ने बताया कि बिहार की निशा पति इम्तियाज शेख और दो बच्चों के साथ विजय नगर की सुदामपुरी में रहती है। वह क्रासिंग में बने फ्लैटों में सफाई का काम करती है। वारदात के वक्त वह काम पर जा रही थी।
जैसे ही वह गेट नंबर दो के पास पहुंची तो बाइक पर आए इम्तियाज के दोस्त लाखन ने उस पर तेजाब फेंक दिया। चीखपुकार सुनकर लोगों ने निशा को अस्पताल में भर्ती कराया। लाखन प्लास्टिक के डिब्बे में तेजाब लेकर आया था।
वह मैनपुरी का रहने वाला है और इंदिरापुरम के शक्तिखंड में रह रहा था। वह मोहन नगर में एचपी गैस एजेंसी पर कार्यरत है।
इम्तियाज ने बताया कि वह मजदूरी करता है। करीब ढाई साल पहले गैस ऐजेंसी पर काम करने के दौरान लाखन से उसकी दोस्ती हुई थी। लाखन का उनके घर आना जाना था। लाखन निशा पर गलत नजर रखता था।
‘तुझे चेहरे पर नाज है, इसे बदसूरत कर दूंगा’
वारदात की दस्तक दो दिन पहले ही हो गई थी। निशा और उसके पति ने नजरअंदाज किया।
निशा ने बताया कि दो दिन पहले लाखन उसके घर आया था। उसने उसके सामने प्रेम प्रस्ताव रखा था। कहा था कि वह उससे प्यार करता है। शादी करना चाहता है। उसने इससे इनकार कर दिया।
निशा ने बताया कि उसने लाखन से कहा कि वे दोनों ही शादीशुदा और बच्चों वाले हैं। उन्हें ऐसी बातें शोभा नहीं देती।
इस पर लाखन आग बबूला हो गया था और उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर वह चला तो गया मगर धमकी देकर गया कि ‘तुझे अपने चेहरे पर नाज है, मैं इसी चेहरे को बदसूरत कर दूंगा।’