आरुषि-हेमराज मर्डर केस में बुधवार को सीबीआई एसपी विजय कुमार से डिफेंस की जिरह पूरी हो गई।
विजय कुमार ने एक सवाल के जवाब में बताया कि उन्होंने तलवार दंपति के बेडरूम का साउंड टेस्ट करवाया था। न्यायाधीश एस. लाल ने इस मामले की सुनवाई के लिए अब 9 अप्रैल की तारीख नियत की है।
डिफेंस के सवाल के जवाब में एसपी विजय कुमार ने बताया कि घटना वाली रात नौकर राजकुमार, कृष्णा और विजय मंडल ने क्या कपडे़ पहने थे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो पाई।
जानकारी में यह नहीं आया कि इन कपड़ों को तीनों ने छिपा लिया हो। तीनों से कपडे़ पेश करने को भी नहीं कहा, क्योंकि काफी समय निकल चुका था।
अभियुक्त राजेश तलवार और नूपुर के कपड़ों को सहायक विवेचक हरि सिंह ने सीज किया था, जोकि वह घटना वाली रात पहने थे।
राजेश तलवार का पॉलीग्राफ परीक्षण सीएफएसएल नई दिल्ली में 20 जून को हुआ था। नौकर राजकुमार का दोबारा नार्को एनालसिस बंगलूरू में कराया गया था।
इसकी रिपोर्ट में उसकी अपराध में संलिप्तता इंडीकेटिव पाई गई थी। विजय कुमार ने बताया कि उसने जलवायु विहार के मकान नंबर एल-32 सेक्टर-25 में अभियुक्तगणों के बेडरूम में साउंड टेस्ट कराया था।
टेस्ट सीएफएसएल और एम्स के वैज्ञानिकों/विशेषज्ञों की मौजूदगी में हुआ। उसका मेमो तैयार किया गया था। गवाह ने यह भी बताया कि 11 जुलाई 2008 को उसने अभियुक्त राजेश तलवार के खिलाफ धारा-169 के अंतर्गत रिपोर्ट विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट सीबीआई गाजियाबाद के न्यायालय में दी थी।