लखनऊ । राजधानी में प्राइम लोकेशन पर नगर निगम की दर्जन भर चुंगी चौकियां हैं। खास बात है कि करीब-करीब सभी खाली पड़ी हैं। बिल्डर एग्रीमेंट के तहत तय हुआ है कि इन चुंगी-चौकियों पर होटल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेंगे। इसकी शुरुआत हो चुकी है और राजाजीपुरम में जलालपुर क्रॉसिंग के पास व्यवसायिक कांप्लेक्स बनने जा रहा है। मानचित्र अनुमति के लिए आवास विकास परिषद को भेज दिया गया है। साथ ही चुंगी-चौकियों के व्यावसायिक इस्तेमाल का प्रस्ताव शासन में भेजा गया है।
राजाजीपुरम-बी ब्लॉक में जलालपुर क्रॉसिंग के पास बनने वाले कांप्लेक्स के बारे में नगर अभियंता एस के जैन का कहना है कि करीब चार साल पहले नगर निगम सदन से प्रस्ताव पास हो चुका है लेकिन अवैध कब्जा होेने के कारण निर्माण नहीं हो सका था। अवैध कब्जा खाली करा लिया गया है। पूर्व में चौक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस कांप्लेक्स की तरह बिल्डर एग्रीमेंट के तहत निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा नगर आयुक्त ने चारबाग चुंगी चौकी की जमीन पर होटल बनाने और फैजाबाद रोड चुंगी चौकी की जमीन पर व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाने की योजना बनाई है। जिस पर सदन और कार्यकारिणी की मंजूरी के बाद काम शुरू होगा।