लखनऊ । काकोरी के नगर पंचायत मोहल्ला हाता करामात उल्ला निवासी प्रिया (12) की खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह उसे खंभे से छुड़ाकर अलग किया। गंभीर हालत में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खंभे में एक माह से करंट आ रहा है। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नगर पंचायत मोहल्ला हाता करामत उल्ला निवासी किसान गुड्डू पाल की पुत्री प्रिया (12) निजी विद्यालय में कक्षा- तीन की छात्रा थी। सुबह 6 बजे के करीब छात्रा अपने चाचा के घर किसी काम से जा रही थी। रास्ते में छात्रा ने बिजली के खंभे को छू लिया। खंभे में करंट होने से वह उसकी चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गई। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और खंभे से चिपकी प्रिया को डंडे की मदद से अलग किया। घटना की जानकारी उसके घरवालों को दी। झुलसी प्रिया को बेहोशी की हालत में घरवाले उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। रास्ते में छात्रा ने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने परीक्षण करके उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। घटना से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खंभे में करंट आने की शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई लेकिन सुनवाई न हुई।