लखनऊ। सर्वर की धीमी गति और लुकाछिपी के कारण चॉइस लॉकिंग करा पाने में असफल रहे दूसरे चरण के बीएड अभ्यर्थियों को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) प्रशासन ने राहत दे दी है। अब छूटे हुए अभ्यर्थी 21 जून तक चॉइस लॉक कर सकते हैं। दूसरे चरण के अभ्यर्थियों के अलॉटमेंट लेटर 22 जून को जनरेट होंगे।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2013 का पहला और दूसरा चरण नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के सर्वर की धीमी गति से काफी प्रभावित रहा। इसके चलते आयोजक दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पहले चरण की चॉइस लॉकिंग की तिथि 13 से बढ़ाकर 18 जून कर दी थी। वहीं दूसरे चरण की चॉइस लॉकिं ग की सुविधा 16 के बजाए 15 जून से ही शुरू कर दी थी। अंतिम तिथि 18 जून तक दूसरे चरण के हजारों अभ्यर्थी कालेज नहीं लॉक कर पाए थे। वहीं मंगलवार को आखिरी दिन सर्वर पर लोड बढ़ जाने के कारण अभी बहुतेरे अभ्यर्थी चॉइस लॉक नहीं करा सके। चॉइस लॉकिंग न हो पाने की ढेरों शिकायतें डीडीयू के कंट्रोल रूम में दर्ज कराई गई। अभ्यर्थियों के दबाव के चलते विवि प्रशासन ने दूसरे चरण के छूटे हूए अभ्यर्थियों को 21 जून तक कालेज लॉक करने देने का फैसला किया। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो अभी 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी च्वॉइस लॉकिंग नहीं करा सके हैं। बीएड समन्वयक प्रो. सुरेंद्र दुबे ने बताया कि दूसरे चरण के अभ्यर्थी 21 जून तक कॉलेज लॉक करेंगे एवं उनके अलॉटमेंट लेटर 22 जून को जनरेट होंगे।
1010 अभ्यर्थियों ने कराया वेरीफिकेशन
बीएड काउंसलिंग के तीसरे चरण के पहले दिन आर्ट्स कालेज के तीनों केंद्रों पर 1010 अभ्यर्थियों ने वेरीफिकेशन की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। पहले दिन 90001 से 110000 रैंक तक के अभ्यर्थियों को शामिल होना था। सुबह सर्वर थोड़ा धीमा रहा, जिससे प्रक्रिया प्रभावित रही। दोपहर बाद सर्वर की गति ठीक हुई और फिर शाम पांच बजे तक पहले दिन के वेरीफिकेशन की प्रक्रिया समाप्त हो गई।
नहीं जनरेट हो रहे अलॉटमेंट लेटर
पहले चरण के अभ्यर्थियों के अलॉटमेंट लेटर बुधवार को जनरेट होने थे। सर्वर में कुछ तकनीकी खामियों के चलते अलॉटमेंट लेटर जनरेट नहीं हुए। राजधानी के तीनो सेंटरों पर अलॉटमेंट लेटर जनरेट न होने की दर्जन भर से अधिक शिकायतें दर्ज कराई गईं। पहले चरण के अभ्यर्थियों को 21 जून तक फीस जमा करना है। ऐसे में अभ्यर्थियों की समस्या है कि एलॉटमेंट लेटर जनरेट न होने से वह फी नहीं जमा कर सकेंगे और उनकी सीट भी जा सकती है।