लखनऊ। सर्वोदयनगर के लोगों ने मंगलवार शाम बिजली संकट के विरोध में उपकेंद्र पर धावा बोलकर तोड़फोड़ की। उग्र प्रदर्शनकारियों ने बिजली केबल जोड़ रहे कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि एक्सईएन ने गाजीपुर थाने जाकर पुलिस बल को बुलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भी कहासुनी हुई। पुलिस बल ने जब लाठीचार्ज करने की चेतावनी दी तो प्रदर्शनकारियों ने किनारा कसा। दोपहर दो बजे गुल बिजली शाम 7:30 बजे चालू हो सकी।
सर्वोदयनगर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में दोपहर दो बजे फॉल्ट आ गया। इससे कई इलाकों में बिजली संकट उत्पन्न हो गया। उपकेंद्र क्षेत्र में बीते कई दिनों से केबल की गड़बड़ी के कारण बिजली गुल हो रही थी। मंगलवार को बिजली गुल होने के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। शाम करीब चार बजे नाराज लोगों ने उपकेंद्र का घेराव कर बवाल शुरू कर दिया। इस दौरान एक्सईएन आरपी सिंह केबल फॉल्ट को ठीक करने के बाद केबल को ज्वाइंट करा रहे थे। प्रदर्शनकारी एक्सईएन एवं कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। लोगों ने कर्मियों को खदेड़ कर काम ठप करा दिया। आधे घंटे के बाद पुलिस संरक्षण में केबल जोड़ने का काम शुरू हुआ तो प्रदर्शनकारी उपकेंद्र परिसर में घुसकर बवाल करने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो नोकझोंक होने लगी। दरोगा की सूचना पर और पुलिस बल पहुंच गया और लाठीचार्ज की चेतावनी देते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसके बाद पुलिस संरक्षण में केबल जोड़कर बिजली चालू की गई। उधर, आलमबाग क्षेत्र में अपराह्न तीन बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। कर्मियों ने पहले कटौती करने का दावा किया पर शाम पांच बजे के बाद केबल फॉल्ट होने की बात कही गई। इसके कारण चंदनगर, आदर्शनगर, टेढ़ी पुलिया, आलमबाग चौराहे तक अंधेरा पसरा है।
एसडीओ की शिकायत
सर्वोदयनगर के लोगों ने कहा कि चार दिन से बिजली संकट झेल रहे हैं, लेकिन एसडीओ का अता-पता नहीं है। बिजली गुल होेने के कारण की जानकारी के लिए क्षेत्रीय एसडीओ परशुराम वर्मा के मोबाइल पर कॉल की जाती है तो वह रिसीव नहीं करते। उपकेंद्र पर कोई बताने वाला नहीं कि बिजली कब आएगी।
रेजीडेंसी-चौक उपकेंद्रों पर भी हंगामा
बिजली संकट के विरोध में रेजीडेंसी और चौक उपकेंद्रों पर भी हंगामा हुआ। जानकारी अनुसार कैसरबाग के लोग सोमवार आधी रात के बाद करीब दो बजे रेजीडेंसी उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। इस सूचना पर रात में ही इंजीनियरों ने पहुंचकर बिजली चालू करने का प्रयास किया और एक घंटे आपूर्ति चालू हुई तो लोग वापस गए। वहीं, मंगलवार को चौक क्षेत्र में बिजली ठप होने के विरोध में शाम को व्यापारियों ने हंगामा किया। कर्मचारियों ने जल्द बिजली चालू कराने का आश्वासन देकर उन्हें लौटाया। इसके अलावा आलमबाग, हजरतगंज, नाका, ठाकुरगंज, बालागंज, रस्तोगीनगर, अमीनाबाद सहित अन्य इलाकों में बिजली संकट बना हुआ है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र स्थित उपकेंद्रों मोहनलालगंज, गोसाईंगंज, मलिहाबाद सहित अन्य की बिजली पीक आवर्स 6 से रात 10 बजे तक कटेगी। बिजली बंद होने के कारण चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन से पांच तक पानी का संकट बना रहा।
मुस्तैद कर्मचारी होंगे पुरस्कृत
मुख्य अभियंता मयंक सिंघल के मुताबिक दारुलशफा के क्षतिग्रस्त उपकेंद्र को तेजी से काम करके चालू करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपकेंद्र में लगी आग को बुझाने के लिए कर्मियों ने जान जोखिम में डाल दी। वहीं, अधिकारियों की टीम ने बहुत तत्परता से रख-रखाव कार्य करके देर रात बिजली चालू कर दी। आग बुझाने के दौरान उपकेंद्र का पूरा सिस्टम पानी से सराबोर हो गया था, जिसे गर्म हवा से सुखाया गया। उधर, उतरेठिया उपकेंद्र का सोमवार को पांच एमवीए का जला ट्रांसफार्मर रात में ही बदल कर बिजली चालू कर दी गई। मुख्य अभियंता ने बताया कि कुर्सी रोड 220 केवी पारेषण उपकेंद्र के चालू होने से पुरनिया, अहिबरनपुर, बीकेटी, कपूरथला, इंजीनियरिंग कॉलेज आदि उपकेंद्र को कटौती से राहत मिलेगी।