लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार में गुरुवार देर शाम पड़ोस में रहने वाला एक वहशी दरिंदा चाकलेट खिलाने के बहाने मासूम छात्रा को अपने घर ले गया और दुराचार का प्रयास किया। भीड़ ने आरोपी को दबोच लिया और धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकीपुरम विस्तार निवासी उपेंद्र राय (काल्पनिक नाम) एक मोबाइल कंपनी में सर्किल अफसर हैं। उनकी बेटी सुषमा (7), सारिका (5) (काल्पनिक नाम) कॉन्वेंट स्कूल में सेकंड व फर्स्ट क्लास की छात्रा हैं। मां के मुताबिक, गुरुवार शाम छह बजे दोनों बेटियां ट्यूशन से लौटने के बाद घर के बाहर खेलने लगीं। वह अंदर खाना बना रही थी। तभी छोटी बेटी सारिका आई और घबराते हुए बताया कि दीदी को पड़ोसी सोनू (26) अपने घर ले गया है। यह सुनकर वह सोनू के घर पहुंची और बेटी के रोने की आवाज सुनकर शोर मचाने लगी। इस पर लोग जमा हो गए और सोनू को दबोच कर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित छात्रा ने बताया, सोनू उसे चाकलेट खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था और जबरन कपड़े उतार दिए। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर सोनू को गिरफ्तार कर लिया और छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। बच्ची इतनी डरी-सहमी है कि किसी से बात नहीं कर रही है। सोनू विकासनगर में परचून की दुकान पर काम करता है।
किस पर करें भरोसा
बच्ची के साथ हुई वारदात से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है। बच्ची की मां का कहना है कि आखिर किस पर भरोसा करें। आरोपी का परिवार पड़ोस में रहता है। हमारा पूरा परिवार उसके सुख-दुख में शामिल होता है। मेरे पति ने कई बार उसके परिवार की मदद की।
बच्ची से दुष्कर्म, दरिंदा फरार
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में एक दरिंदे ने पिता के लिए चाय लेकर खेत जा रही 12 वर्षीय बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म किया। पीछे से आ रही मां ने बेटी की चीखें सुनकर शोर मचाया। इस पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरिंदे को दौड़ाया, लेकिन वह पत्थर मारते हुए फरार हो गया। मोहनलालगंज क्षेत्र निवासी व पेशे से राजगीर राम कुमार (काल्पनिक नाम) शुक्रवार को खेत में काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शाम चार बजे सुमन (काल्पनिक नाम) उनके लिए चाय लेकर निकली। सुनसान जगह पर सेवाखेड़ा के गोपाली रावत (35) ने उसे दबोच लिया और जबरन झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस बीच, पीछे से आ रही सुमन की मां को झाड़ियों में चीखें सुनाई दीं। उसने झांककर देखा तो बेटी तड़प रही थी। मां ने शोर मचाकर और दरिंदे को पकड़ने की कोशिश की। इस पर वह भागने लगा। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को दौड़ा लिया तो वह पत्थर मारते हुए फरार हो गया। पीड़िता के पिता ने मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। आरोपी मजदूरी करता है।
कार्रवाई में लगाए घंटों
पुलिस को कार्रवाई करने में घंटों लग गए। पहले इंस्पेक्टर ने पीड़िता के घर वालों को टरकाया पर मामला मीडिया तक पहुंचने पर देर रात मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता के परिवार वालों ने एसएसपी से मिलकर शिकायत करने की बात कही है।