लखनऊ। क्वीन मेरी अस्पताल की ओटी में मंगलवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस आग से हड़कंप मच गया। अस्पताल के कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आग की वजह से बुधवार को ऑपरेशन नहीं होंगे। कई मरीजों को ऑपरेशन के लिए आगे की तारीख दी गई है।
क्वीन मेरी अस्पताल के आपरेशन थिएटर में मंगलवार दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। ओटी से धुआं उठता देख कर्मचारियों ने अस्पताल के फायर उपकरण लेकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सुरक्षा कर्मी भी आग बुझाने में लग गए। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आग से अस्पताल में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ओटी में गंदगी फैल जाने की वजह से उसे बंद कर दिया गया है। इसके चलते बुधवार को होने वाले पांच से अधिक ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। कई मरीजों को आगे की तारीख देकर बुलाया गया है। इनमें से कई मरीज तो ऐसे हैं जिनको एक माह बाद बुलाया गया है। डॉक्टरों का मानना है कि पहले से इतने ऑपरेशन हैं। हर दिन कई मरीज आ रहे हैं। ऐसे में जिन मरीजों के ऑपरेशन अगले माह में हो सकते हैं, उनको बाद में बुलाया गया है। बुधवार को ओटी की सफाई की जाएगी। अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. विनीता दास ने बताया कि ओटी में आग लगने से किसी को नुकसान नहीं हुआ है। बुधवार को ओटी में सफाई करने के बाद अगले दिन सर्जरी शुरू कर दी जाएगी।