लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में शिव भक्तों को मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कोर्ट के आदेश के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिव भक्तों के लिए माकूल इंतजाम नहीं किए। कभी डॉक्टर नदारद है तो कभी घंटों लाइन में लगने का झंझट। इन्हीं अव्यवस्थाओं के चलते बुधवार को शिव भक्तों का गुस्सा फूट पड़ा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए सीएमएस कार्यालय का घेराव किया और तुरंत डॉक्टर को बुलाने की मांग की। लगभग एक घंटे चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद सीएमएस ने किसी तरह डॉक्टर को बुलाया तब जाकर मामला शांत हुआ।
बलरामपुर अस्पताल में डंडइया निवासी रिंकू, त्रिवेणी नगर निवासी प्रशांत सिंह, तुषार अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल प्रमाण-पत्र बनवाने आए थे। रिपोर्ट लगवाने के लिए सर्जरी विभाग पहुंचे। यहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। कई शिव भक्त डॉक्टर के इंतजार में घंटों बैठे रहे। उसके बाद भी डॉक्टर नहीं आए। पूछने पर कोई सही जानकारी भी नहीं दी जा रही थी। इनमें कई लोग ऐसे थे, जो कई दिनों से मेडिकल प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए भटक रहे थे। इन परेशानियों से शिव भक्तों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वकीलों के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सीएमएस कार्यालय का घेराव कर लिया। गौरतलब है कि बलरामपुर में हर दिन दो सौ से अधिक अमरनाथ यात्रियों के मेडिकल फार्म आ रहे हैं। इतनी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के पास पर्याप्त स्टाफ भी नहीं है।