लखनऊ। अजमेर शरीफ में होने वाले ख्वाजा गरीब नवाज के सालाना उर्स में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। रेलवे के मुताबिक दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन अलग-अलग जगहों से चलाई जाएंगी। पहली ट्रेन (05103/05104) का संचालन छपरा-अजमेर-छपरा के मध्य होगा। यह ट्रेन सीवान, गोरखपुर, बाराबंकी, लखनऊ (एनई रेलवे) होकर जयपुर के रास्ते चलाई जाएगी। दूसरी ट्रेन बरौनी-अजमेर (05285/05286) के बीच संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन संख्या 05103 छपरा अजमेर विशेष ट्रेन 15 मई 2013 को बुधवार को छपरा से रात 8.30 बजे चलेगी। ट्रेन सीवान, देवरिया, गोरखपुर होते हुए लखनऊ दूसरे दिन सुबह 6.30 बजे आएगी और जयपुर होते हुए अजमेर स्टेशन 11.55 पर पहुुंचेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन संख्या 05104 अजमेर छपरा ट्रेन 19 मई 2013 (रविवार) को चलाई जाएगी। ट्रेन अजमेर से शाम 6.40 बजे चलेगी जो जयपुर होते हुए दूसरे दिन आगरा होकर लखनऊ सुबह 10.30 पर आएगी जबकि छपरा स्टेशन रात 9.30 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 05285 बरौनी अजमेर बरौनी से बुधवार की सुबह 7.10 बजे चलेगी जो समस्तीपुर, सोनपुर होते हुए लखनऊ रात 12.25 बजे आएगी और अजमेर शाम को 7.30 बजे पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 05286 अजमेर से रविवार रात 1 बजे चलेगी जो टुंडला, इटावा होते हुए लखनऊ स्टेशन दूसरे दिन शाम 5.25 पर पहुंचेगी। जबकि बरौनी तीसरे दिन दोपहर 12 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए सभी श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।