लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा के पुलिस के दावों का मखौल उड़ाते हुए दबंगों ने मंगलवार सुबह चिनहट के गड़रियन का पुरवा के एक घर पर धावा बोला। गेट के पास खड़ी महिला से बदसलूकी की। विरोध पर जमकर पीटा और कपड़े फाड़ डाले। इतना ही नहीं उसे गाड़ी में लाद ले जाने की कोशिश करने लगे। चीख पुकार पर पड़ोसियों को आते देख हमलावर भाग निकले। पुलिस ने छेड़खानी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके महिला को अस्पताल भेजा। वारदात से बुरी तरह सहमी पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है।
पुलिस के मुताबिक, गांव गड़रियन का पुरवा छोटा भरवारा में सपना सिंह (परिवर्तित नाम) अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ रहती है। सपना मंगलवार सुबह दस बजे अपने घर के गेट के पास खड़ी होकर बच्चे को टी-शर्ट पहना रही थी। इस बीच गोमती नगर के विश्वास खंड निवासी आलोक मिश्रा अपने साथी अजय जायसवाल, अभय पांडेय व एक अन्य व्यक्ति के साथ टाटा सफारी से आ धमका। उसने गेट पर खड़ी सपना से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध जताने पर गालीगलौज करते हुए चारों हमलावर उसके घर जा धमके। सपना की पिटाई की और बुरी नीयत से कपड़े फाड़ डाले। मासूम बेटे ने मां को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे डपट दिया और सपना को अस्तव्यस्त हालत में घर के बाहर घसीट लाए। उसे गाड़ी में लाद ले जाने की कोशिश करने लगे। मां-बेटे की चीखपुकार पर आसपास के लोग अपने घरों से निकले। पड़ोसी संजय सिंह, रहमान, घनश्याम यादव आदि ने हमलावरों को ललकारते हुए घेराबंदी की। इस पर हमलावर सपना को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इस बीच पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दबंगों की बदसलूकी का शिकार सपना ने पड़ोसियों के साथ चिनहट कोतवाली जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसका डॉक्टरी मुआयना भी कराया। इस बीच आरोपी दबंग भी थाने जा पहुंचे। पुलिस को लीपापोती करते देख सपना ने नाराजगी जताई और पुलिस कार्यालय जाकर एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी जे रविंदर गौड ने चिनहट पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।