लखनऊ। राजधानी में लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ बाइक सवार सशस्त्र लुटेरे सोमवार रात काकोरी में दुकान बंदकर घर लौट रहे व्यवसायी से दो लाख रुपए, सेलफोन, सोने की अंगूठी व बाइक लूट ले गए। चार किलोमीटर पैदल चलकर व्यवसायी थाने पहुंचा और वारदात की सूचना दी। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में दहशत है।
काकोरी कस्बा निवासी सुभाष गुप्ता की मोहान रोड पर पिंक सिटी के पास चूनी-चोकर की दुकान है। सुभाष सोमवार रात दुकान बंदकर बाइक से अपने घर काकोरी जा रहे थे। काकोरी मोहान रोड संपर्क मार्ग पर राजेंद्र सिंह के फॉर्म के निकट दो बाइक सवार चार लोगों ने रुकने का इशारा किया। बाइक न रोकने पर असलहा निकालकर तान दिया। घबराए सुभाष के बाइक रोकते ही दो बदमाशों ने असलहा सटाकर उसकी बाइक की डिग्गी में रखे दो लाख रुपए निकाल लिए। विरोध पर पीटा और सोने की अंगूठी, सेलफोन, बाइक समेत रुपए लेकर फरार हो गए। रात में चार किमी पैदल चलकर सुभाष किसी तहर थाने पहुंचा और लूट की जानकारी दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में दबिश दे रही है।
करीबी पर टिकी नजर
पुलिस की मानें तो सुभाष के साथ लूट की वारदात के तरीके से साफ है कि साजिश में कोई करीबी शामिल है। सुभाष दो लाख रुपए नगद लेकर घर जा रहा था, यह जानकारी किस-किस के पास थी, ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों के फोन कॉल डीटेल भी खंगाल रही है।