फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोली चलाई पड़ोसी पर, जान ली दोस्त की

Mon, 28 Jan 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। विभूति खंड थाना क्षेत्र में एक युवक ने शनिवार दोपहर अपनी बहन से झगड़ रहे पड़ोसी व उसके भाई को दोस्तों की मदद से जमकर पीटा। इसके बाद लाइसेंसी पिस्टल से फायर झोंक दिया। ट्रिगर दबने से पहले पड़ोसी बैठ गया और गोली दबंग युवक के दोस्त के सीने में जा लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मुख्य आरोपी व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार युवकों की तलाश जारी है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, गोमतीनगर के विक्रांत खंड निवासी चकबंदी अधिकारी टीपी सिंह यादव की पत्नी गीता यादव शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर अपने घरेलू नौकर को पीट रही थी। चीख-पुकार पर पड़ोसी प्रशांत चंद्रा ने उनके घर के बाहर जाकर विरोध जताया। इस पर गीता उनसे झगड़ने लगी। उसने कहा, ‘मैं अपने नौकर को मार रही हूं, तुम्हें क्या मतलब। भागो यहां से।’ कहासुनी बढ़ने पर दोनों परिवारों के लोग आ गए। गीता ने प्रशांत को सबक सिखाने की धमकी देते हुए अपने भाई संजय उर्फ इसेंदु सिंह यादव को फोन कर दिया। थोड़ी देर में संजय अपने दोस्त रवि दुबे, अविनाश पाण्डेय और सुशील को साथ लेकर आ धमका। कार से उतरते ही उसने गीता के इशारे पर प्रशांत व उनके भाई अभिषेक की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान संजय ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और अपने दोस्त सुशील से प्रशांत को पकड़ने की बात कहते हुए गोली चला दी। पिस्टल का ट्रिगर दबने से पहले प्रशांत बैठ गया और गोली सुशील के सीने में जा लगी। वह सड़क पर गिर गया। दोस्त को गोली लगते ही संजय व उसके साथियों के हाथ-पांव फूल गए। सुशील को कार में लादकर ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच, प्रशांत ने विभूति खंड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी संजय व रवि को गिरफ्तार करके वारदात में इस्तेमाल पिस्टल कब्जे में ले लिया है। फरार अविनाश समेत दो लोगों की तलाश की जा रही है।

कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का संचालक था सुशील
विभूति खंड थाने के एसएसआई संतोष सिंह ने बताया कि दोस्त की गोली के शिकार बने सुशील कुमार का गोंडा में कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है। उसके भाई का लखनऊ में कंप्यूटर सेंटर है। गणतंत्र दिवस के मौके पर सुशील अपने दोस्तों से मिलने लखनऊ आया था।
विज्ञापन


पिता के इलाज के लिए बहन के घर ठहरा था संजय
पुलिस का कहना है कि आरोपी संजय सिंह उर्फ इसेंदु सिंह यादव सीतापुर के मिश्रिख थाने के गांव घाघपुर का रहने वाला है। वह लकवा ग्रस्त पिता का इलाज कराने के लिए लखनऊ में अपनी बहन गीता के घर काफी दिनों से रह रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें