लखनऊ। घरेलू एलपीजी आपूर्ति करने वाली तीनों प्रमुख तेल कंपनियों ने वितरण व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद शुरू कर दी है। अब बुकिंग के बाद 48 घंटे में सिलेंडर की होम डिलीवरी न होने पर गैस डीलर पर सीधी कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं सब्सिडी युक्त घरेलू एलपीजी वितरण व्यवस्था लागू होने के बाद से डीबी कनेक्शन के तहत दूसरा सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत देने का फैसला किया गया है। तेल कंपनियों ने 30 नवंबर तक डीबी सिलेंडर के सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण कर एकल कनेक्शन पर दूसरे सिलेंडर की डिलीवरी का निर्देश एजेंसी संचालकों को दिया है। यह जानकारी तीनों तेल कंपनियों के राज्य संयोजक व इंडियन ऑयल कंपनी के रीजनल जीएम बीएस कैंथ ने दी।
तेल कंपनियों के राज्य समन्वयक ने साफ किया कि वर्तमान में बॉटलिंग प्लांट से भरे हुए एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई मांग के अनुरूप है। ऐसे में बुकिंग सिलेंडर की डिलीवरी में एजेंसियों की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं होगी। बुकिंग के बाद 48 घंटे में सिलेंडर डिलीवरी न होने पर उपभोक्ता अपनी शिकायत संबंधित एजेंसी से जुड़ी तेल कंपनी के मार्केटिंग अधिकारी के समक्ष दर्ज करा सकता है। ऐसी शिकायतों पर त्वरित सुनवाई कर गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि नए कनेक्शनों के आवेदकों को सब्सिडी युक्त सिलेंडर देने के फैसले पर भी सहमति हो गई है। इसके तहत केवाईसी सत्यापन के बाद फिलहाल दस अक्तूबर तक के नए घरेलू गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को तत्काल प्रभाव से सब्सिडीयुक्त सिलेडरों के साथ कनेक्शन रिलीज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नए कनेक्शन रिलीज करने के भी निर्देश जारी
इंडेन, एचपी व बीपी तीनों ही तेल कंपनियों से जुड़ी एजेंसियों को नई व्यवस्था के तहत नए कनेक्शन रिलीज करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दस अक्तूबर के बाद नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को बिना सब्सिडी युक्त सिलेंडर के कनेक्शन लेने की सुविधा रहेगी। ऐसे नए उपभोक्ताओं को केवाईसी सत्यापन पूरा होने के बाद सब्सिडीयुक्त सिलेंडर देने अथवा न देने पर फैसला होगा। इंडियन ऑयल के जीएम कैंथ ने बताया कि नई व्यवस्था के बाद से अघोषित तौर पर एकल कनेक्शन पर डीबी सिलेंडर देने पर लगी रोक को तेल कंपनियों ने तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है। एकल सिलेंडर वाले कनेक्शन पर डीबी सिलेंडर लेने के ऐसे सभी लंबित आवेदकों को दूसरे सिलेंडर का वितरण शुरू हो गया है, जिन्होंने 30 नवंबर से पहले डीबी के लिए आवेदन किया है। इसके बाद आवेदन करने वालों को अगले साल जनवरी के अंत तक डीबी सिलेंडर का वितरण कराया जाएगा।