फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे ठेकेदार के घर दिनदहाड़े लूटपाट

Fri, 09 Nov 2012 12:00 PM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-जी में गुरुवार दोपहर तीन सशस्त्र बदमाशों ने रेलवे के एक ठेकेदार के घर धावा बोल दिया। उसकी पत्नी व बेटी को पिस्तौल दिखाकर धमका कर बंधक बनाने के बाद 12 लाख के गहने व 8.5 लाख रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं मकान के पहले तल पर रह रही मकान मालकिन को भी बंधक बनाकर सेफ से नगदी और गहने बटोर ले गए। दिनदहाड़े वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लूटपाट को फर्जी व पार्टनर से लेनदेन का विवाद बताया है। पुलिस के मुताबिक, रेलवे में बिल्डिंग व सिग्नल के ठेकेदार मुलीन शाह सेक्टर-जी में एसबीआई कर्मी नागेंद्र सिंह के मकान के भूतल पर अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। मुलीन का कहना है कि रोजाना की तरह गुरुवार सुबह वह नाश्ता करके हजरतगंज के राजा रामकुमार प्लाजा स्थित अपने ऑफिस चले गए थे। दोपहर एक बजे पत्नी चंपा शाह ने फोन करके उन्हें तुरंत घर आने को कहा। घर पहुंचे तो पता चला कि तीन सशस्त्र बदमाशों ने दोपहर 12 बजे के बाद उनके घर धावा बोला। घर में घुसते ही पत्नी चंपा व बेटी मोम शाह पर पिस्तौल तान दी। उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए सेफ की चाभी छीनी। इसके बाद पिटाई करते हुए दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ बांध दिए और उनके गहने उतार लिए। लुटेरों ने सेफ का लॉकर खोलकर 12 लाख के गहने व 8.50 लाख रुपये लूटे। दो बदमाशों ने पहले तल पर जाकर मकान मालकिन रेणु गुलाटी को पिस्तौल दिखाकर धमकाने के साथ उनके सेफ से 18 हजार रुपये व गहने बटोर लिए। दोनों घरों में वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग निकले। पत्नी, बेटी व मकान मालकिन से वारदात की जानकारी के बाद मुलीन शाह ने पुलिस को फोन किया। दिनदहाड़े लूटपाट की खबर पर एसओ आशियाना ओमप्रकाश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना के साथ आसपास के लोगों से तहकीकात की। उन्होंने वारदात को फर्जी करार देते हुए पार्टनर से लेनदेन का विवाद बताया है।
विज्ञापन

ऐसे हुआ संदेह, खुली पोल ः आशियाना थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी का कहना है कि दो दिन पहले मुलीन शाह की पत्नी चंपा ने अपने पति के पार्टनर निर्मल कुमार व व्यापारी हरीश पर 8.50 लाख रुपये के तगादे को लेकर धमकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। उसका आरोप था कि निर्मल व हरीश ने घर आकर उसके पति को धमकाया और हर हालत में रकम वसूल लेने की बात कही थी। मौके पर पहुंचते ही दंपती ने लूटपाट की जानकारी देते हुए निर्मल पर शक जताया। इस पर पुलिस ने निर्मल कुमार से मोबाइल पर बात की। पता चला कि वह अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकला है। उसने पुलिस को बताया कि मुलीन शाह पर डेढ़ साल से उसके 12.50 लाख रुपये बाकी हैं। तगादा करने पर उसने मकान बदल लिया था। मुलीन के नए ठिकाने की मंगलवार को जानकारी हुई तो निर्मल ने घर जाकर तगादा किया। इस पर उसने एक चेक थमाया और शेष रकम के लिए ऑफिस बुलाया था। बैंक से पता चला कि मुलीन ने जिस खाते की चेक दी है वह चार महीने पहले बंद कर चुका है। फोन पर संपर्क करने पर उसने दीपावली के बाद हिसाब चुकता करने का वादा किया था। एसओ के मुताबिक, निर्मल व हरीश से बातचीत के बाद स्थिति साफ होने लगी।
पुलिस की कहानी पर उठ रहे सवाल ः रेलवे ठेकेदार मुलीन शाह के घर दिनदहाड़े लूटपाट को पार्टनरशिप का झगड़ा व लेनदेन का विवाद बता रही पुलिस की कहानी में छेद है। पुलिस का कहना है कि पार्टनर की बकाया रकम हड़पने व उसे फंसाने के इरादे से दंपती ने ड्रामा रचा और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज करा दी। मुलीन की पत्नी चंपा, बेटी मोम व मकान मालकिन रेणु गुलाटी के अलावा आसपास के किसी व्यक्ति ने लुटेरों को देखने की पुष्टि नहीं की। सभी ने वारदात की जानकारी से इनकार कर दिया। सवाल है कि मुलीन ने यदि पार्टनर की रकम हड़पने के लिए अपनी पत्नी व बेटी की मदद से लूटपाट की कहानी गढ़ी तो मकान मालकिन रेणु गुलाटी ने इस कहानी में सुर क्यों मिलाया? पुलिस का जवाब है कि दोनों में पुराने संबंध हैं। आरोपी ठेकेदार निर्मल कुमार का कहना है कि मुलीन साल भर पहले तक अन्य स्थान पर किराए पर रहता था। कई लोगों की मोटी रकम उसने दबा रखी है। संभव है कि किसी अन्य ने वारदात को अंजाम दिया हो।
विज्ञापन

फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वाएड नहीं बुलाया ः मुलीन की पत्नी चंपा व मकान मालकिन रेणु का कहना है कि लुटेरों ने उनके सेफ का लॉकर खोलकर नगदी व गहने लूटे। ऐसे में सेफ पर लुटेरों की अंगुलियों के निशान मिलने की संभावना थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट या डॉग स्क्वाएड बुलाने की जरूरत तक नहीं समझी। सरसरी नजर से तफ्तीश व आसपास के लोगों से तहकीकात में वारदात को फर्जी करार दे दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें