लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित सरदार पटेल डेंटल कॉलेज के अकाउंटेंट समेत दो कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर बीडीएस प्रथम वर्ष की छात्रा से बदसुलूकी की। छात्रा फीस में छूट की अर्जी लेकर गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करके दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ पीजीआई अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि सरदार पटेल डेंटल कॉलेज में बीडीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा मंजू (परिवर्तित नाम) फीस में छूट की अर्जी लेकर मंगलवार दोपहर अकाउंटेंट के कक्ष में गई थी। उसने आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की सूची मेें अपना नाम शामिल करके फीस में छूट के लिए कर्मचारी कैलाश चंद्र से बात की। उसने अकाउंटेंट सुधीर कुमार को बुलाया और दोनों ने छात्रा से अभद्रता की। कक्ष से निकल कर उसने कॉलेज की निदेशक स्नेहलता से शिकायत करने के साथ ही अपने पिता को फोन किया। उन्हें साथ लेकर पीजीआई थाने पहुंची और कैलाश व सुधीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गिरफ्तार कैलाश व सुधीर ने पुलिस को बताया कि मंजू उनके कक्ष में आई थी। सवा दो लाख रुपये सालाना कॉलेज व 60 हजार रुपये हॉस्टल फीस में 25 हजार रुपये की छूट दिलाने की मांग की। असमर्थता जताने पर वह देख लेने की धमकी देते हुए चली गई।