लखनऊ। उतरेठिया प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान सोमवार को दलिया के बर्तन में मरा चूहा मिला। यह दलिया 12 प्राथमिक विद्यालयों में वितरित की गयी थी। लापरवाही सामने आते ही मिड-डे मील बनाने वाले कर्मचारी व ठेकेदार भाग निकले। पीजीआई क्षेत्र में कई दिनों से स्कूलों में खराब मिड-डे मील बंटने की शिकायतों पर सोमवार को वार्ड अध्यक्ष अर्चना एवं पार्षद सुनीता यादव ने उतरेठिया प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील बनवा रहे एनजीओ की रसोई की जांच की तो वहां बांटे गए दलिया के बर्तन में मरा हुआ चूहा मिला। औचक निरीक्षण से वहां अफरातफरी मच गयी तथा कर्मचारी एवं ठेकेदार भाग निकला। यहां बारह प्राथमिक विद्यालयों का खाना बनता है। बच्चों का कहना था कि यहां अक्सर खाने में कीड़े मिलते हैं। वहीं शिक्षकों का आरोप था कि कई बार एनजीओ संचालक से शिकायत के बावजूद गुणवत्ता नहीं सुधर रही है। इस संदर्भ में जब बेसिक शिक्षा अधिकारी सर्वदानंद से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने कई बार फोन मिलाने पर भी कॉल रिसीव नहीं किया।
कॉलेज से बाहर मिड-डे मील पर बच्चों ने जताई आपत्ति ः मोहनलालगंज स्थित नवजीवन इंटर कॉलेज में बच्चों को स्कूल से 200 मीटर दूर बने बोर्डिंग हाउस में मिड-डे मील दिए जाने पर बच्चों ने आपत्ति जतायी है। उनका कहना है कि लखनऊ-रायबरेली राजमार्ग पार कर रोज खाना खाने जाना होता है जिससे हादसे का डर बना रहता है। वहीं बोर्डिंग हाउस में न तो बैठने की जगह है और न ही पेयजल की सही व्यवस्था। कॉलेज के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र तिवारी का कहना है कि कॉलेज में जगह न होने के चलते प्रबंधतंत्र के प्रस्ताव पर यह व्यवस्था की गयी है।