लखनऊ। अवंती बाई महिला अस्पताल में मंगलवार को ऑपरेशन के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। इस पर भड़के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा काटा। अस्पताल प्रशासन ने किसी प्रकार गुस्साए परिजनों को समझा कर हालात संभाले।
कैसरबाग निवासी राजकुमारी (30) को प्रसव के लिए परिजनों ने सोमवार को अवंती बाई महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, भर्ती कराए जाने के समय राजकुमारी की स्थिति ठीक थी। प्रसव में परेशानी होने के कारण मंगलवार को राजकुमारी का ऑपरेशन किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही उसके परिजन भड़क उठे और अस्पताल में हंगामा करने लगे। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे तक चले बवाल के बाद अस्पताल प्रशासन और अन्य लोगों के समझाए जाने के बाद मामला शांत हो गया। वहीं, अस्पताल की सीएमएस डॉ. मीनू सागर ने ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया है। उनके अनुसार ऑपरेशन के दौरान मरीज का ब्लड प्रेशर एकदम से बढ़ गया था, जिसके उसकी मौत हो गई।
ओपीडी में मरीज की मौत
वहीं, सिविल अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को एक बुजुर्ग की मौत हो गई। किशन प्रसाद (55) मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे सिविल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे थे। काउंटर से पर्चा बनवाने के बाद कुछ दूर चले ही थे कि बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक के कारण मौत होने की पुष्टि की।