दवा लेने बाजार गई एक किशोरी का दो युवकों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता किशोरी को एक घर में बंधक बनाकर पांच दिनों तक गैंगरेप करते रहे।
किशोरी के विरोध पर युवकों ने लोहे की गर्म रॉड से उसे जलाया और गंभीर चोटें पहुंचाईं।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर घायल किशोरी को बरामद कर लिया, जबकि अपहरणकर्ता फरार हो गए।
गंभीर हालत में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मामला उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले का है।
एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बीती 25 अप्रैल को मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव अपने मामा के घर गई थी। 26 अप्रैल को किशोरी मोतिगरपुर थाने के पांडेयबाजार में दवा लेने गई थी।
रास्ते में दो युवकों ने किशोरी को अगवा कर चार पहिया वाहन में लाद लिया। दोनों युवक उसे लेकर अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र के सेहरा जलालपुर गांव पहुंचे। दोनों ने उसे एक कमरे में बंद करके गैंगरेप किया।
किशोरी के विरोध करने पर दोनों युवकों ने लोहे की रॉड गर्म करके उसके शरीर पर जगह-जगह यातनाएं दी। पीड़िता का दोनों हाथों में गंभीर चोटें पहुंचाईं। पांच दिनों तक दोनों युवक किशोरी के साथ गैंगरेप करते रहे।
30 अप्रैल को सेहरा जलालपुर गांव की महिलाओं ने एक कमरे में बंद किशोरी की रोने की आवाज सुनी तो इसकी सूचना महरुआ थाने की पुलिस को दी।
सूचना पाते ही महरुआ पुलिस ने गांव में छापा मारकर लड़की को बरामद कर लिया, जबकि अपहरणकर्ता फरार हो गए।
पुलिस ने अचेत मिली पीड़िता को जिला अस्पताल अंबेडकर नगर में भर्ती कराया। एक मई को लड़की के होश में आने पर महरुआ थाने की पुलिस ने उससे पूछताछ की।
पूछताछ के बाद पुलिस ने लड़की के परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना के बाद लड़की के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने लड़की की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
लड़की के साथ हुए जुल्म से आहत पिता उसे लेकर दोस्तपुर थाने पहुंचा और घटना की तहरीर दी।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर बजरंगी यादव, श्रीराम यादव निवासी सेहरा जलालपुर थाना महरुआ जिला अंबेडकर नगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसओ अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।