राजधानी के एक बिल्डर ने शादी को धंधा बना रखा है। अब तक 4 शादियां रचा चुका ये बिल्डर तीन पत्नियों को शारीरिक व आर्थिक शोषण के बाद छोड़ चुका है।
अब उसने चौथा विवाह कर लिया है। सबसे पहले बस्ती जिले की एक युवती से शादी की और दो बच्चे होने के बाद उससे नाता तोड़ लिया।
इसके बाद एक छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर उससे शादी की। शारीरिक व आर्थिक शोषण के बाद उसे भी छोड़ दिया।
फिर खुद को तलाकशुदा बताकर एक विधवा से शादी की और 25 लाख रुपये के गहने हड़पने के बाद घर से निकालकर अब चौथा ब्याह रचाया है।
बिल्डर की तीसरी पत्नी ने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और इंसाफ के लिए पुलिस अफसरों के चक्कर काट रही है।
इंदिरानगर के डी-ब्लॉक के एक मकान में अपनी मासूम बच्ची के साथ किराए पर रहने वाली सिल्की गुप्ता छह महीने से महिला थाने व पुलिस अफसरों के चक्कर काट रही है।
इस बीच अमित ने चौथा ब्याह रचा लिया है। महिला थाने में सिल्की की रिपोर्ट तो दर्ज हो गई है लेकिन बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस के कदम ठिठके हैं।
कन्नौज निवासी व्यापारी राजेश गुप्ता की बेटी सिल्की बताती है कि भोपाल से बीसीए तक पढ़ाई के बाद पिता ने 2007 में कानपुर के विंसी भाटिया से उसकी शादी कर दी थी।
साल भर बाद एक बच्ची अदन्या को जन्म दिया। कुछ दिनों बाद विंसी ऐसे बीमार हुए कि 2009 में चल बसे।
इसके बाद सिल्की अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ इंदिरानगर में अपने मामा के घर आकर रहने लगी। रिश्तेदार उसे दूसरे विवाह की सलाह देने के साथ तलाकशुदा या विधुर युवक की तलाश कर रहे थे।
सिल्की की एक सहेली ने गोमतीनगर के विनय खंड निवासी बिल्डर अमित गुप्ता से रिश्ते की बात चलाई।
खुद को तलाकशुदा बता रहे अमित न सिर्फ सिल्की से शादी को राजी हो गया, बल्कि उसकी बच्ची की परवरिश का भी वादा कर लिया।
सिल्की को बताया कि कई साल पहले बस्ती की नेहा गुप्ता से उसकी शादी हुई थी, लेकिन अनबन के चलते नाता तोड़ लिया। 31 मई 2010 को अलीगंज के आर्यसमाज मंदिर में अमित और सिल्की की शादी हो गई।
जीवन में फिर से खुशी की उम्मीद लेकर सिल्की ससुराल पहुंची ही थी कि अमित व उसके परिवार ने उससे गहनों व पहले पति के बीमे की रकम के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।
झांसा देकर उसके 25 लाख के गहने व मोटी रकम झटक ली और फिर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
इस बीच सिल्की को पता चला कि बस्ती में रह रही नेहा के दो बच्चे होने के बाद अमित ने उससे नाता तोड़ा और गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही रिचा गुप्ता से शादी की थी।
कुछ दिन साथ रखकर आर्थिक व शारीरिक शोषण के बाद उससे भी नाता तोड़ लिया था। छात्रा ने हजरतगंज कोतवाली में शिकायत की थी। पुलिस कार्रवाई हुई।
बाद में परिवार ने रिचा की एक अन्य युवक से शादी कराकर मामला भुला दिया। इस बारे में पूछताछ पर अमित व उसके परिवार ने सिल्की की पिटाई की और बेटी समेत उसे घर से निकाल दिया।
प्रताड़ना व ठगी का शिकार बनी सिल्की ने 19 अक्तूबर 2012 को महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और इंदिरानगर में किराए के मकान में रहने लगी।
पुलिस तहकीकात शुरू होने पर अमित ने उसे पत्नी मानने से इन्कार कर दिया और एक नोटिस भेजकर उसे कर्जदार साबित करने की कोशिश की।
नोटिस के मुताबिक सिल्की ने 24 मई 2010 को अमित के पास अपने गहने गिरवी रखकर 5.45 लाख रुपये कर्ज लिया था। नोटिस में ब्याज समेत कर्ज न चुकाने पर गहने जब्त करने की चेतावनी थी।
हैरत में पड़ी सिल्की कार्रवाई के लिए महिला थाने व पुलिस अफसरों के चक्कर काट रही थी कि इस बीच गत एक मई को अमित ने शैलना जौहरी से चौथी शादी कर ली। इससे आहत सिल्की ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है।
ब्लैकमेल कर रही है युवती
सिल्की को पत्नी मानने से इन्कार कर रहे बिल्डर अमित गुप्ता ने उस पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। अमित का कहना है कि सिल्की उसके यहां नौकरी करती थी।
जरूरत पड़ने पर उसने कर्ज भी लिया था। सिल्की के पति विंसी भाटिया के खिलाफ अलीगंज थाने में जालसाजी का मामला दर्ज है।
अमित का कहना है कि विंसी की मौत के बाद सिल्की ने उसके साथ शादी का फर्जी प्रमाणपत्र बनवा लिया और उसे पति बताकर ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही है।