उत्तराखंड में रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग खत्म हो चुके हैं। मृतकों की संख्या का सही अनुमान किसी के पास नहीं है। बाकी है तो सिर्फ उम्मीद।
हर राज्य अपने लापता लोगों की लिस्ट जारी कर रहा है, उत्तर प्रदेश से भी एक लिस्ट उत्तराखंड भेजी गई है। उत्तराखंड आपदा में लापता चल रहे हजारों लोगों में यूपी के 2,098 लोग हैं।
गृह विभाग के साम्प्रदायिकता नियंत्रण प्रकोष्ठ ने विभिन्न जिलों से जुटाई सूचना के आधार पर इनकी सूची तैयार कर राज्य सरकार की तरफ से उत्तराखंड भेजी है।
तलाशने की हुई गुजारिश
उत्तराखंड सरकार से इन लापता लोगों को तलाशने की गुजारिश की गई है। प्रमुख सचिव गृह आर एम श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को 1564 लोगों के नाम की पुष्टि होने के बाद पहली सूची तैयार कर उत्तराखंड भेजी गई थी।
एक आस...कि मिल जाएं अपने
इसके बाद मंगलवार को 534 लोगों के नाम की पुष्टि होने के बाद दूसरी सूची उत्तराखंड भेजी गई। उत्तराखंड सरकार से जानकारी मांगी गई है कि उनके यहां तैयार हुई बचाए गए लोगों या मृतकों की सूची में क्या इन 2098 नामों में से कोई नाम है।
नहीं है कोई खबर
प्रदेश सरकार ने डीजीपी दफ्तर, राहत आयुक्त कार्यालय और जिले में बनाए गए प्रकोष्ठों में आई सभी जानकारियों का मिलान करने के बाद ये 2098 लोगों की सूची तैयार हुई है। जिनके बारे में कहीं से कोई खबर नहीं है।