भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में अब टेक्नोक्रेट्स असमी और तमिल भाषा भी पढ़ेंगे। यह बीटेक, एमटेक, एमबीए के छात्र किसी भी एक सेमेस्टर में इसकी पढ़ाई कर सकते हैं। ट्रिपलआईटी के प्रो. रंजीत सिंह ने बताया कि एडऑन पाठ्यक्रम के तहत संस्थान में कई भाषाएं विद्यार्थियों को पढ़ाई जाती है। इस बार से छात्रों को दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत की एक-एक भाषा तमिल और असमी को इसमें शामिल किया गया है।
प्रो. सिंह के मुताबिक बीटेक, एमटेक और एमबीए के विद्यार्थी किसी भी एक सेमेस्टर में इस भाषा की पढ़ाई के लिए स्वेच्छा से चयन कर सकते हैं। एक सेमेस्टर में दो क्रेडिट का इसका पाठ्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसका छात्रों को प्रमाण पत्र भी मिलेगा। इसके तहत छात्रों को हिंदी, अंग्रेजी के साथ अन्य नई भाषाओं को सीखने का मौका मिलता है। इससे न सिर्फ उनकी एक से अधिक भाषाओं पर पकड़ मजबूत होगी, बल्कि उनके व्यक्तित्व में और निखार आएगा। छात्र भी दूसरी भाषाओं को सीखने में काफी रूचि दिखाते हैं।