अगर आपसे यह कहा जाए कि भारत में टीम इंडिया की 'रन मशीन' विराट कोहली और कप्तान धोनी से ज्यादा कमाई किसी दूसरे खेल का खिलाड़ी करता है तो विश्वास नहीं होगा। लेकिन यह सच है और आपको यह जानकर आश्चर्य हो सकता है कि धोनी और कोहली से भी ज्यादा कमाने वाला खिलाड़ी एक पहलवान है और उसका नाम योगेश्वर दत्त है।
देश के बड़े पहलवानों में से एक योगेश्वर और क्रिकेट सितारे धोनी तथा कोहली की कमाई की तुलना की जाए तो योगेश्वर उनसे ज्यादा कमाते हैं। एक अध्ययन से यह बात सामने आई है कि प्रति मिनट कमाई के आधार पर योगेश्वर धोनी और कोहली से आगे जाते दिख रहे हैं।
वहीं, कमाई और लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए देश में खेली जा रही लीगों की बात होगी तो जाहिर है सबसे पहला नाम क्रिकेट की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और इसमें खेलने वाले दिग्गजों का आएगा, लेकिन रिसर्च सर्विस एंजेसी सुपरइनसाइट की ओर से जारी की गई रिपोर्ट इंडियन स्पोर्ट्स सैलरीज रिपोर्ट 2016 की मानें तो टेनिस स्टार राफेल नदाल और रोजर फेडरर देश में खेली जाने वाली आठ स्पोर्ट्स लीग में सर्वाधिक कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं।