वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप में पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद और मौजूदा चैंपियन नार्वे के मैगनस कार्लसन के बीच चौथी बाजी बुधवार को ड्रॉ रही।
सोच्चि (रूस) में खेले जा रहे टूर्नामेंट में सफेद मोहरों से खेलने के बावजूद कार्लसन जीत हासिल नहीं कर सके और 47 चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
4 बाजियों के बाद अब दोनों खिलाड़ी 2-2 अंक लेकर बराबरी पर चल रहे हैं। मंगलवार को तीसरी बाजी में आनंद ने कार्लसन को हरा दिया था। इसके साथ ही आनंद ने चैंपियनशिप में बराबरी कर ली थी।
दोनों ही दिग्गजों के बीच पहली बाजी ड्रॉ पर छूटी थी लेकिन दूसरी बाजी में आनंद को हार का मुंह देखना पड़ा था। 12 बाजियों के इस मुकाबले में जो भी खिलाड़ी पहले 6.5 अंक हासिल करेगा वह वर्ल्ड चैंपियन बन जाएगा। अंतिम बाजी 25 नवंबर को खेली जाएगी।