कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की शुरुआत होने से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। 400 मीटर रिले रेस की महिला टीम की एक खिलाड़ी डोप टेस्ट में फेल हो गई है। इसके बाद उसे टीम से बाहर कर दिया गया है और उसकी जगह दूसरी खिलाड़ी को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, किसी अधिकारी ने उस खिलाड़ी का नाम नहीं बताया है, जिसे कॉमनवेल्थ गेम्स की टीम से बाहर किया गया है।
पीटीआई से बातचीत में एक अधिकारी ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स की रिले टीम की एक खिलाड़ी का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है और उसका नाम टीम से वापस लिया जाएगा। अब भारत की 400 मीटर रिले रेस की महिला टीम में सिर्फ चार सदस्य रह गई हैं। ऐसे में किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर ट्रैक और फील्ड के किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में जोड़ना होगा। इससे टीम का प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है।
भारतीय एथलीट फेडरेशन ने दुती चंद, हिमा दास, सरबनी नंदा, एनएस सिमी, सेकर धनलक्ष्मी और एम वी जिल्ना को शुरुआत में एथलेटिक्स टीम में जगह दी थी, जिसमें 37 खिलाड़ी थे। बाद में जिल्ना का नाम वापस ले लिया गया था, क्योंकि भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन को 36 खिलाड़ियों का कोटा मिला था। कुछ समय बाद धनलक्ष्मी डोप टेस्ट में फेल हो गईं और जिल्ना को फिर से टीम में शामिल किया गया।