भारत के टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी और रामकुमार रामानाथन को विंबलडन ओपन 2022 के क्वालीफाइंग राउंड में ही हार का सामना करना पड़ा है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने मैच सीधे सेटों में गंवाए और टूर्नामेंट बाहर हो गए। अब भारत की पूरी उम्मीदें सानिया मिर्जा पर होंगी, जो महिला युगल के मुख्य दौर में प्रवेश कर चुकी हैं। वो इस टूर्नामेंट के मुख्य दौर में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। 35 साल की सानिया ने अपनी चेक गणराज्य की जोड़ीदार लूसी ह्रादेका के साथ महिला युगल के मुख्य दौर में जगह बनाई है।
क्वालीफाइंग राउंड के पहले मैच में युकी भांबरी का सामना स्पेन के बेरनेब जपाता से था। इस मैच में भांबरी को 5-7, 1-6 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, रामनाथन का मुकाबला चेक गणराज्य के विट कोपरिवा के साथ था और उन्हें भी सीधे सेटों में 5-7, 4-6 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ी विंबलडन ओपन के मुख्य ड्रॉ में पहुंचने से चूक गए।