डिफेंडिंग चैंपियन नोवाक जोकोविच ने बुधवार शाम यूएस ओपन में कंधे की चोट चोट जूझते हुए अर्जेंटिना के 56वीं रैंक के खिलाड़ी जुआन इग्नैसियो लोंडेरो को 6-4, 7-6(3), 6-1 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई। पिछले पांच में से चार ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच का अगला मुकाबला अगले दौर में 27वीं वरियता प्राप्त सर्बिया के दुसान लाजोसविक या अमेरिका के डेनिस कुडला से होगा।
स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हालांकि जीत के लिए जोकोविच के मुकाबले ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए दामिर को 3-6, 6-2, 6-3, 6-4 से हराया। केई निशिकोरी और ग्रिगोर दिमित्रोव भी तीसरे दौर में पहुंच गए हैं।
महिला सिंगल्स में दूसरी सीड एश्ले बार्टी ने दूसरे दौर में आसान जीत दर्ज की। उन्होंने लॉरेन डेविस को 6-2, 7-6 से हराया। आठवीं वरीयता प्राप्त सेरेना विलियम्स ने पहला सेट हारने के बाद मैच जीता। उन्होंने कैथरीन मैक्नली को 5-7, 6-3, 6-1 से हराया।
तीसरी वरीयता प्राप्त कैरोलिना प्लिसकोवा और सातवीं वरीयता प्राप्त मेडिसन कीज भी अगले दौर में पहुंच गई हैं। पांचवीं वरीयता प्राप्त यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना ने वीनस विलियम्स को हराया. उन्होंने 6-4, 6-4 से मैच जीता।