दुनिया के नंबर वन पुरुष टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में इटली के माटेओ बेरेटिनी को शिकस्त दी। जोकोविच ने इस मुकाबले में वापसी करते हुए इटैलियन खिलाड़ी को 5-7, 6-2, 6-2, 6-3 से हराया। ग्रैंड स्लैम मैचों में जोकोविच की यह लगातार 26वीं जीत है। सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद जोकोविच ने अपना कैरियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की तरफ एक और कदम बढ़ा दिया है। इस साल वह ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन का खिताब जीत चुके हैं। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला जर्मनी के अलक्जेंडर ज्वेरेव से होगा।
पहला सेट हारने के बाद जोकोविच ने धमाकेदार वापसी की। दूसरे सेट में बेरेटिनी उनकी जोरदार शॉट्स के आगे टिक नहीं पाए यह सेट जोकोविच ने 6-2 के अंतर से जीता। इसे बाद तीसरे सेट में भी उनका शानदार खेल जारी रही। यह सेट भी सर्बियाई खिलाड़ी ने 6-2 से अपने नाम किया। इस दौरान बेरेटिनी ने कई बार वापसी की कोशिश की लेकिन जोकोविच के लंबे अनुभव के आगे वह पार नहीं पा सके। तीसरा सेट जोकोविच ने 6-3 से जीत लिया। वह 12वीं बार यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।