अनुभवी भारतीय टेनस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और उनके कनाडाई साथी डेनिस शापोवालोव की जोड़ी ने यूएस ओपन के पुरुष युगल के दूसरे दौर में जगह बना ली। भारतीय-कनाडाई जोड़ी यहां सीधे सेटों की जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंची। बोपन्ना और शापोवालोव ने शुक्रवार को इस ग्रैंडस्लैन के पहले राउंड में अमेरिकी खिलाड़ियों अर्नेस्टो एस्कोबेडो और नोआ रुबिन को 6-2, 6-4 से हराया।
यह मुकाबला एक घंटा 22 मिनट तक चला। इंडो-कनाडाई जोड़ी अगले दौर में छठी वरीयता प्राप्त केविन क्रिएट्ज और एंड्रियास मिज का सामना करेगी।
सुमित नागल और दिविज शरण के बाहर होने के बाद बोपन्ना टूर्नमेंट में एकमात्र भारतीय हैं। सुमित नागल दूसरे दौर में सीधे सेटों में दूसरी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीम से हार गए जबकि दिविज शरण और उनके सर्बियाई साथी निकोला कैसिक को आठवें वरीय निकोला मेक्टिक और वेस्ले कूलहोफ ने पुरुष युगल के शुरुआती दौर में बाहर कर दिया।
26वीं जीत के साथ जोकोविच चौथे दौर में
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और शीर्ष वरीय नोवाक जोकोविच सीधे सेटों में जीत के साथ यूएस ओपन टेनिस के चौथे दौर में पहुंच गए। जबकि चौथी वरीय यूनान के स्टेफनोस सितसिपास को बोरना कोरिक के खिलाफ मैच प्वाइंट पर पहुंचने के बावजूद 7-6 (7-2), 4-6, 6-4, 5-7, 6-7(4-7) से हार का सामना करना पड़ा। महिला वर्ग में जापान की नाओमी ओसाका, जर्मनी की एंजेलिक कर्बर और चेक गणराज्य की पेट्रा क्विटोवा भी अंतिम 16 में पहुंच गईं।
तैंतीस साल के जोकोविच ने जर्मनी के 28वीं वरीय जान-लेनार्ड स्ट्रफ को एक घंटे 43 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3 6-3 6-1 से मात दी। अपने 18वें ग्रैंडस्लैम का लक्ष्य लेकर बढ़ रहे जोकोविच ने अपने पिछले 29 मैच जीते हैं और इस सत्र में उनका स्कोर 26-0 है। इस साल वह हारे नहीं हैं। अब वह रविवार को 20वीं वरीयता प्राप्त पाब्लो कारेनो बुस्टा से भिड़ेंगे।
कोरिक का शानदार पलटवार
क्रोएशिया के बोरना कोरिक के खिलाफ सितसिपास चौथे सेट में एक समय 5-1 से आगे थे लेकिन कोरिक ने लगातार छह गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट की ओर मोड़ दिया और चार घंटे 36 मिनट चले मुकाबले में बाजी मार ली। अब उनकी टक्कर ऑस्ट्रेलिया के जार्डन थाम्पसन से होगी जिन्होंने कजाकिस्तान के मिखाइल कुकुश्किन को 7-5, 6-4, 6-1 से हराया। थाम्पसन पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के चौथे दौर में पहुंचे हैं। अन्य मैचों में कनाडा के डेनिस शापोवालोव ने अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को तीन घंटे 26 मिनट चले पांच सेटों के मुकाबले में 3-6, 6-3, 4-6, 7-6 (5), 6-2 से हराया। वह दूसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम 16 में पहुंचे हैं। इसके अलावा डेविड गोफिन ने फिलिप क्रैजिनोविक को 6-1, 7-6, 6-4 से हराया।
यह मेरी ओर से शानदार प्रदर्शन रहा। मैं उनकी सर्विस को सही ढंग से भांपने में सफल रहा। दूसरे और तीसरे सेट में चीजें आसान हो गई थीं।
-नोवाक जोकोविच
मार्टा ने दी ओसाका को टक्कर
महिला वर्ग में दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका ने 18 साल की उक्रेन की मार्टा कोस्तयुक को 6-3 6-7 6-2 से पराजित कर प्री क्वार्टर में प्रवेश किया। अपना दूसरा ग्रैंडस्लैम खेल रहीं मार्टा ने दूसरा सेट जीतकर वापसी का प्रयास किया। उस समय ओसाका खुद से नाराज दिखीं और उनका यह गुस्सा रैकेट पर दिखाई दिया। हालांकि तीसरे सेट में उन्होंने अंतिम पांच गेम जीतकर मैच अपने कब्जे में कर लिया। वहीं पूर्व चैंपियन एंजेलिक कर्बर ने 20 साल की अमेरिकी एन लि को 6-3 6-4 से मात दी। अब उनका सामना अमेरिका की जेनिफर ब्राडी से होगा। 28वीं वरीय ब्राडी ने कैरोलिन गार्सिया पर 6-3 6-3 से जीत हासिल की जिन्होंने शीर्ष वरीय कैरोलिन प्लिस्कोवा को हराकर उलटफेर किया था। इसके अलावा दो बार की विंबलडन चैंपियन पेट्रा क्विटोवा ने अमेरिका की जेसिका पेगुला को 6-4 6-3 से हराया।