टोक्यो में चल रहे ओलंपिक खेलों के दौरान महिला टेनिस की एकल स्पर्धा में बड़ा उलटफेर हुआ। हाल ही विंबलडन का खिताब जीतने वाली विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें स्पेन की टेनिस खिलाड़ी सारा सोरिबेस ने सीधे सेटों में हराया। सोरिबेस ने इस मुकाबले में बार्टी को 6-4, 6-3 से शिकस्त दी।
ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी को दुनिया की 48वें नंबर की महिला खिलाड़ी सारा सोरिबेस ने आसानी से हरा दिया। विंबलडन जीतने के 15 दिन बाद महिला एकल मुकाबलों में यह बार्टी की पहली बार है। इससे पहले उन्होंने विंबलडन के फाइनल में कैरोलिना प्लिसकोवा को हराया था।
बार्टी के अलावा पुरुष सिंगल्स की बात करें तो मौजूदा ओलंपिक चैंपियन ब्रिटेन के एंडी मरे भी बाहर हो गए हैं। उन्होंने चोट के चलते पुरुष एकल मुकाबलों से अपना नाम वापस ले लिया।
हालांकि टेनिस के डबल्स मुकाबलों में एश्ले बार्टी और एंडी मरे अपनी चुनौती पेश करेंगे। ये दोनों खिलाड़ी अपने पार्टनर के साथ पहला मैच जीतकर दूसरे दौर में पहुंच चुके हैं। बार्टी ने अपनी हमवतन स्टॉर्म सैंडर्स के साथ शनिवार को जीत हासिल की। जबकि जबकि मरे और ब्रिटिश जोड़ीदार जो सैलिसबरी ने पियरे-ह्यूजेस हर्बर्ट और निकोलस माहुत की दूसरी वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी टीम को हराया था।