दुनिया के जाने-माने टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर अंतिम 16 में पहुंचने के बाद भी फ्रेंच ओपन से हटने पर विचार कर रहे हैं। रविवार को फ्रेंच ओपन के तीसरे राउंड में फेडरर ने डोमिनिक कोएफर को 7-6, 6-7, 7-6 और 7-5 से मात दी थी। बता दें कि यह मुकाबला तीन घंटे 35 मिनट तक चला था।
मैच खेलने के बाद फेडरर ने कहा कि मुझे नहीं पता कि मैं मैच खेलने जा रहा हूं या नहीं। बता दें कि दो महीने के बाद रोजर फेडरर 40 साल के हो जाएंगे। फेडरर का अगल मुकाबला सोमवार को चौथे राउंड में इटली के माटेओ बेरेटिनी से होने वाला है। मैच के बाद फेडरर ने कहा कि मुझे फैसला करना है कि आगे खेल जारी रखना है या नहीं।
उन्होंने कहा कि क्या घुटने पर दबाव डालना जोखिम भरा है? क्या यह आराम करने का अच्छा समय नहीं है? बता दें कि रोजर फेडरर 20 बार के ग्रैंडस्लैम खिताब के विजेता रहे हैं और 2020 में उन्होंने दो बार घुटने की सर्जरी करवाई थी। फेडरर ने कहा कि इस साल विंबडलन उनकी प्राथमिकता है।
रोजर फेडरर 20 जून से शुरू होने वाले विंबलडन में नौंवे खिताब के लिए उतरेंगे। फेडरर ने तीन घंटे तक कोर्ट में रहने के बाद कहा कि हर मैच मे मुझे स्थिति का पूनर्मूल्यांकन करना होता है और अगली सुबह देखना होता है कि मैं किस स्थिति में उठता हूं और मेरा घुटना कैसा चल रहा है।
फेडरर 68वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में पहुंचे हैं जो कि रिकार्ड है। उनके बाद नोवाक जोकोविच (54) और राफेल नडाल (50) का नंबर आता है। ये तीनों पहली बार ग्रैंडस्लैम प्रतियोगिता के एक ही 'हॉफ' में हैं और इन सभी का मुकाबला सोमवार को इटली के खिलाड़ियों से होगा।
आठवीं वरीयता प्राप्त फेडरर नौवें वरीय मैटियो बेरेटिनी से, शीर्ष वरीयता प्राप्त जोकोविच लॉरेंजो मुसेटी से और तीसरी वरीयता प्राप्त नडाल 18वें वरीय यानिक सिनर का सामना करेंगे।