स्थानीय खिलाड़ी और खिताब की प्रबल दावेदार अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने साल के चौथे और आखिरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन के तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है।
हालांकि आठवीं सीड सर्बिया की अना इवानोविच उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। पुरुष वर्ग में टॉप सीड नोवाक जोकोविच और एंडी मरे ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर तीसरे राउंड में जगह पक्की कर ली है। पिछले दो बार की चैंपियन सेरेना ने तेज हवाओं के झोंकों के बीच हमवतन वानिया किंग को सीधे सेटों में 6-1, 6-0 से हराकर खिताब की ओर मजबूती से कदम बढ़ाया।
महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में 16वीं सीड बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका ने अमेरिका की सी मैक्हाले को 6-3, 6-2 से, तीसरी सीड चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा हमवतन पी सेटकोवस्का को 6-4, 6-2 से, 11वीं सीड इटली की फ्लेविया पेनेटा अमेरिका की एस रोजर्स को 6-4, 6-3 से और और 24वीं सीड ऑस्ट्रेलिया की सामंथा स्टोसर काइया केनेपी को 6-3, 3-6, 7-6 से हराकर तीसरे राउंड में पहुंचने में सफल रहीं।
इस बीच स्थानीय सनसनी सी बेलिस के शानदार सफर पर कजाखस्तान की जेड डियास ने 6-3, 0-6, 6-2 से हराकर ब्रेक लगा दिया। दूसरी ओर इवानोविच भी चेक गणराज्य की गैरवरीय खिलाड़ी का प्लिसकोवा से 5-7, 4-6 से हारकर उलटफेर का शिकार हो गईं।
पुरुष वर्ग में कोई बड़ा उलटफेर देखने को नहीं मिला और टॉप सीड जोकोविच ने फ्रांस के अनुभवी खिलाड़ी पॉल हेनरी मैथ्यू को बेहद एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-3, 6-0 से हराकर तीसरे राउंड में प्रवेश किया।
आठवीं सीड ब्रिटेन के एंडी मरे भी जर्मनी के एम बछिंजर पर 6-3, 6-3 6-4 से जीत दर्ज करने में सफल रहे। हालांकि पांचवीं सीड कनाडा के मिचेल राओनिक को जर्मनी के पी गोजोवजिक को 7-6, 5-7, 6-4, 7-6 से हराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अन्य खिलाड़ियों में जॉन इस्नर, केई निशिकोरी, जो विल्फ्रेड सोंगा और टी रोबर्डो भी तीसरे राउंड में पहुंचने में सफल रहे।
मिक्स्ड डबल्स में बढ़े पेस और बोपन्ना
भारतीय खिलाड़ी लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना भी अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ मिक्स्ड डबल्स के दूसरे राउंड में पहुंच गए हैं। तीसरी सीड पेस और जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी तीन सेटों तक चले कड़े मुकाबले में जर्मनी की ए ग्रोएनफेल्ड और नीदरलैंड के जे रोजर की गैरवरीय जोड़ी को 6-3, 4-6, 10-8 से हराने में सफल रही।
छठी सीड बोपन्ना और स्लोवाकिया की के स्रेबोत्निक की जोड़ी ने भी अमेरिका की एल डेविस और एन मुनरो की जोड़ी को 3-6, 6-2, 10-0 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया।