मेलबर्न में मौजूदा चैंपियन सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और अमेरिका की महिला खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में जीत से शुरुआत की है।
विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त जोकोविच ने पुरुषों की एकल स्पर्धा के पहले दौर के मुकाबले में दक्षिण कोरिया के चुंग हियोन को 6-3, 6-2, 6-4 से पराजित किया।
जबकि मौजूदा चैंपियन सेरेना ने महिलाओं की एकल स्पर्धा के पहले दौर में 34वीं रैंक की कैमिला जियोर्जी को 6-4,7-5 से मात दी।
अमेरिकी ओपन सेमीफाइनल में हार के बाद सेरेना ने घुटने में दर्द के कारण इस महीने होपमैन कप से नाम वापस ले लिया था।
एक अन्य मुकाबले में पोलैंड की एगनिस्का रद्वांस्का ने अमेरिका की क्रिस्टिना मैक्हेल को 6-3, 6-2 से पराजित किया। जापान के केई निशिकोरी ने जर्मनी के गैर वरीय फिलिप कोश्रेयबर को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया।
दो बार की विंबलडन चैंपियन पेत्रा क्वीतोवा ने पहले दौर में थाईलैंड की क्वालीफायर लुकसिका कुमखुम को 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
विश्व की पूर्व नंबर वन कैरोलीन वोजनियास्की को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कजाकिस्तान की यूलिया पुतिनतसेवा ने 1-6, 7-6 (3), 6-4 से हराया।
इसके अलावा 12वीं, वरीयता प्राप्त मारिन सिलिच, 14वीं वरीयता प्राप्त जाइल्स सिमोन, 15वीं वरीयता प्राप्त डेविड गॉफिन, 19वीं वरीयता प्राप्त डोमिनिक थिएम और 26वीं वरीयता प्राप्त गुइलेरमो गार्सिया लोपेज भी अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे।