दुनिया के पूर्व नंबर एक स्पेन के राफेल नडाल की निगाह अगले महीने होने वाले डेविस कप पर है। नडाल पहले ही कह चुके हैं कि डेविस कप के बाद वह टेनिस को अलविदा कह देंगे। इससे पहले शुक्रवार को सिक्स किंग्स स्लेम में उन्हें हमवतन कार्लोस अल्कारेज से 6-3, 6-3 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि उनका कहना है कि हार के बावजूद वह अपने खेल से संतुष्ट हैं।
इस प्रदर्शनी स्पर्धा के अन्य सेमीफाइनल में जानिक सिनर ने नोवाक जोकोविच को 6-2, 6-7, 6-4 से पराजित किया। इस टूर्नामेंट में इनामी राशि मिलेगी लेकिन रैटिंग अंक प्रदान नहीं किए जाएंगे। अब तीसरे स्थान के लिए नडाल और जोकोविच के बीच मुकाबला होगा। यह दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच अंतिम भिड़ंत होगी। नडाल और अल्कारेज पेरिस ओलंपिक में युगल में एक साथ खेले थे और डेविस कप में भी वह दोनों स्पेन की टीम में हैं। नडाल ने कहा कि डेविस कप से पहले मेरे लिए मैच का हर दिन महत्वपूर्ण है, ताकि मैं अपने करियर के अंतिम टूर्नामेंट के लिए और बेहतर हो सकूं।
जीत की लय में होने पर ही खेलेंगे एकल
जुलाई में पेरिस ओलंपिक में हार के बाद नडाल पहली बार कोर्ट पर उतरे थे। मीडिया रिपोर्टों में 38 साल के नडाल के हवाले से कहा गया है कि वह अगले महीने डेविस कप में अपने करियर की भावुक विदाई के लिए तैयार हैं, लेकिन एकल में तभी उतरेंगे जब वह जीत की लय में होंगे। उन्होंने कहा कि भावनात्मक रूप से वह अपना अंतिम टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार हैं लेकिन शारीरिक रूप से उनके लिए तैयारी के लिए एक महीना शेष है। नडाल ने कहा, मेरा प्रयास अपने आपको पूरी तरह फिट करने पर रहेगा ताकि अपनी टीम को जिता सकूं। अल्कारेज अच्छा खेले लेकिन मैं कुछ महीने पहले प्रतियोगी स्तर पर नहीं था। मेरी नजर में प्रदर्शन ठीक ही रहा। मेरे लिए सकारात्मक मैच रहा।