आखिरकार राफेल नदाल ने नौ महीने से चला आ रहा खिताबी सूखा समाप्त करते हुए अर्जेंटीना ओपन टेनिस टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।
ब्यूनस आयर्स में स्पेनिश टेनिस स्टार ने जोरदार खेल दिखाते हुए खिताबी मुकाबले में अर्जेंटीना के जुआन मोनाको को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से मात दी। पिछले साल जून में फ्रेंच ओपन जीतने के बाद से नदाल का यह पहला खिताब है।
साथ ही क्ले कोर्ट पर यह नदाल का 46वां खिताब है। इस मामले में वह अर्जेंटीना के गुइलेरमो विलास के बाद दूसरे नंबर पर हैं, जिनके नाम 49 क्ले कोर्ट खिताब दर्ज हैं। इसके अलावा नदाल का यह सभी सतहों पर कुल 65वां खिताब है। इस सूची में वह पांचवें स्थान पर हैं। ओपन युग में अमेरिका के जिम्मी कोनोर्स के नाम सर्वाधिक 109 खिताब हैं।
इस जीत से यह भी पता चलता है कि नदाल अब सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पिछले साल चोटों से जूझते रहे नदाल जनवरी में कतर ओपन से जल्द ही बाहर हो गए थे, जबकि ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी वह क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सके।
रियो डी जेनेरियो में पिछले हफ्ते भी उन्हें सेमीफाइनल में इटली के फोगनिनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके चलते वह अगस्त 2013 के बाद से पहली बार शीर्ष तीन से बाहर हुए। हालांकि इस जीत के बाद वह एंडी मरे को पछाड़कर फिर से तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे हैं।
मोनाको के खिलाफ नदाल पूरी लय में नजर आए और उन्हें यह मुकाबला जीतने में एक घंटे 26 मिनट का समय लगा। इस दौरान बारिश के चलते भी मुकाबले में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
हिंगिस के साथ जोड़ी बनाएंगी सानिया
भारत की टॉप टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने चीनी ताइपे की सु वई के साथ अपनी साझेदारी को खत्म करने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने डब्ल्यूटीए सर्किट में पूर्व वर्ल्ड नंबर वन मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाकर खेलने का फैसला किया है। सानिया ने कहा कि मैं वेई के साथ जनवरी से खेल रही हूं लेकिन पिछले चार टूर्नामेंटों में मेरा नतीजा अच्छा नहीं रहा। लिहाजा मैं वेई के साथ साझेदारी खत्म कर रही हूं। मैं अब मार्टिना के साथ जोड़ी बनाकर खेलूंगी। मिश्रित युगल में लिएंडर पेस हिंगिस के साथ जोड़ी बनाकर कोर्ट पर उतरते हैं।