मारिजा सिकाक रविवार को इतिहास रच देंगी, जब वह नोवाक जोकोविच और माटेयो बेरेटिन के बीच होने वाले पुरुष एकल फाइनल में अंपायरिंग करती नजर आएंगी। ऑल इंग्लैंड क्लब ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की। क्लब ने कहा कि क्रोएशिया की 43 वर्षीय सिकाक रविवार को पांच बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच और माटेओ बैरेटिनी के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले की अंपायर होंगी।
सिसाक ने 2014 के विंबलडन में पेत्रा क्वितोवा और यूजिनी बूचार्ड के बीच हुए महिला एकल फाइनल में अंपायरिंग की थी। इसके बाद साल 2017 में महिला युगल फाइनल में अंपायरिंग की थी। सिकाक ने 15 लगातार विंबलडन के साथ-साथ 2016 में एथेंस, लंदन और रियो में ओलंपिक में काम किया है, जहां उन्होंने महिला एकल फाइनल में अंपायरिंग की है।
बता दें कि दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच सातवीं बार विंबलडन जबकि कुल 30वीं बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं। रविवार को उनका सामना इटली के 25 वर्षीय माटेयो बेरेटिनी से होगा। पांच बार के चैंपियन जोकोविच ने शनिवार को सेमीफाइनल में कनाडा के डेनिस शापोवालोव को दो घंटे 44 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-6, 7-5, 7-5 से हराया था। वहीं, सातवीं वरीयता प्राप्त बेरेटिनी ने शनिवार को पोलैंड के 24 वर्षीय हुबर्ट हर्काज को दो घंटे 36 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-0, 6-7, 6-3 से शिकस्त देकर पहली बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई थी।