ऑस्ट्रेलियाई ओपन में सेरेना विलियम्स बाहर होने के अगले ही दिन एक और बड़ा उलटफेर हुआ। अब मारिया शारापोवा भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
पूर्व नंबर वन और तीसरी वरीयता प्राप्त रूस की मारिया शारापोवा को 20वीं सीड स्लोवाक की डोमिनिका कुबुल्कोवा ने हरा दिया। चौथे दौर के लिए हुए मुकाबले में डोमिनिका ने 3-6, 6-4, 6-1 से जीत हासिल की।
पढ़ें- लग गई लॉटरी, एक कैच करने पर मिले 53 लाख रुपए!
इससे पहले खिताब की प्रबल दावेदार और वर्ल्ड नंबर वन महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स को साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में चौथे राउंड में सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा।
अपने 18वें ग्रैंड स्लैम और ऑस्ट्रेलियन ओपन में छठे खिताब के लिए खेल रहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त सेरेना को वर्ल्ड की पूर्व नंबर वन सर्बिया की अना इवानोविच ने 4-6, 6-3, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया।
सेरेना की लगातार 25 मैचों में जीत के बाद यह पहली हार है। रोड लेवर एरेना में खेले गए मुकाबलों में सेरेना ने 31 बेजा भूलें की और इसका फायदा उठाते हुए 14वीं सीड इवानोविच ने हाल के वर्षों में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
पढ़ें- असल में सिर्फ 28 गेंदों में जड़ा एंडरसन ने रिकॉर्डतोड़ शतक!
सेरेना को पिछले साल क्वार्टर फाइनल में हमवतन स्लोएन स्टीफंस के हाथों का सामना करना पड़ा था जबकि साल 2012 में उन्हें चौथे दौर में रूस की एकाटेरिना मकारोवा ने शिकस्त दी थी।
जोकोविच भी अंतिम आठ में
हार के बाद सेरेना ने माना कि अभ्यास के दौरान उनकी पीठ में दर्द उभरा था, जिसने उन्हें चौथे दौर के मैच के दौरान परेशान किया। लेकिन उन्होंने इसे हार का कारण मानने से इनकार कर दिया।
महिला वर्ग में ही गत उपविजेता चीन की ली ना ने 22वीं सीड रूस की एल मकारोवा को 6-2, 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन नौवीं सीडेड जर्मनी की एंगेलिक कर्बर को 28वीं सीड इटली की फ्लेविया पेनेटा के हाथों 1-6, 6-4, 5-7 से हार का सामना करना पडा। पेनेटा पहली बार टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं।
जबकि पुरुष वर्ग में चार बार के चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और तीसरी सीड स्पेन के डेविड फेरर ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
बोपन्ना-भांबरी बाहर, पेस क्वार्टर फाइनल में
भारत के दिग्गज डबल्स खिलाड़ी लिएंडर पेस ने चेक गणराज्य के रादेक स्टेपानेक के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है लेकिन रोहन बोपन्ना और यूकी भांबरी को अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ तीसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा है।
पेस-स्टेपानेक की पांचवीं सीड ने प्री-क्वार्टर फाइनल में भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराया।
इस बीच बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐहसाम उल हक कुरैशी की सातवीं सीड जोड़ी को फिलीपींस के ट्रीट हुई और ब्रिटेन के डोमिनिक इंग्लोट की 12वीं सीड जोड़ी ने 79वें मिनट में 6-4, 7-6 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।