भारत के महान टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति एक नई शुरूआत करने जा रहे हैं। यह दोनों दिग्गज खिलाड़ी एक नयी वेब सीरिज में फिर साथ आएंगे जिसमें दोनों के नंबर वन जोड़ी बनने तक के सफर के अनछुए पहलुओं और मजेदार किस्सों का जिक्र होगा। पेस और भूपति अपने सफर और आपसी रिश्ते की किस्सागोई करते नजर आएंगे। यह वेब सीरिज मशहूर निर्देशक दंपत्ति अश्विनी अय्यर तिवारी और नीतेश तिवारी ने बनाई है।
पेस और भूपति 1999 में विम्बलडन युगल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी थे। दोनों के फिर से साथ आने की अटकलें लगने लगी जब रविवार को पेस ने ट्विटर पर पहले विंबलडन पुरुष युगल खिताब की 22वीं वर्षगांठ पर दोनों की तस्वीर डाली।
उन्होंने लिखा था, दो लड़कों का सपना देश का नाम रोशन करने का था। हैशटैग ली हेश। इस पर भूपति ने जवाब दिया, वह खास था। क्या तुम्हे लगता है कि यह दूसरा अध्याय लिखने का समय है। पेस और भूपति ने टेनिस की दुनिया मे कई बार खिताब जीतते हुए भारत का नाम रोशन किया था।
इंडियन एक्सप्रेस के नाम से मशहूर इस जोड़ी ने 1994 से 2006 के बीच साथ खेला। इसके बाद 2008 से 2011 के बीच फिर साथ आए। दोनों के बीच मतभेद सार्वजनिक भी हुए लेकिन अब वे इसे भूल चुके हैं। अब वेब सीरीज के जरिए नई शुरुआत करने जा रहे हैं। इन दोनों महान खिलाड़ियों ने भारत को टेनिस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।