दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल ने कहा है कि उनका मानना है कि टेनिस के लिए बाकी बचा साल व्यावहारिक रूप से खत्म हो चुका है और अगर 2021 की शुरुआत में भी खेल की वापसी सामान्य होगी तो वह राहत महसूस करेंगे।
कोरोना वायरस महामारी के कारण पुरुष और महिला टूर के टूर्नामेंट नहीं हो रहे हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार विम्बलडन को रद्द किया गया है और फ्रेंच ओपन सितंबर के अंत तक स्थगित कर दिया गया है।
लेकिन अपने 19 में से 12 ग्रैंडस्लैम खिताब रोलां गैरां पर जीतने वाले नडाल का मानना है कि इस साल के अंत से पहले टेनिस के दोबारा शुरू होने की संभावना काफी कम है।
नडाल ने स्पेन के समाचार पत्र ‘एबीसी’ को मंगलवार को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘मैं जितना जल्दी संभव हो उतना जल्दी खेलना चाहता हूं, लेकिन अगर मैं तार्किक रूप से इस बारे में सोचूं तो प्रत्येक हफ्ते हम एक जगह से दूसरी जगह की यात्रा करते हैं। हम होटल, हवाई अड्डों और काफी जगहों पर लोगों के संपर्क में आते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘अगर आप मुझे गारंटी दो कि जनवरी 2021 में पहले की तरह सामान्य सत्र शुरू हो जाएगा तो मैं आंखे बंद करके इसे स्वीकार कर लूंगा।’
अल पाइस को दिए एक अलग साक्षात्कार में नडाल ने कहा, ‘इस साल अब जो होने वाला है उसकी जगह मैं आस्ट्रेलिया ओपन को लेकर अधिक उत्सुक हूं। मैं 2020 को व्यावहारिक रूप से खत्म मान रहा हूं।'