महिला टी-20 वर्ल्ड कप में हिमाचल की बेटी भी बल्ला भांजेगी। शिमला की सुषमा वर्मा को भी वर्ल्ड कप के लिए चयनित भारतीय क्रिकेट में जगह मिली है। भारत का मंगलवार को बंगलूरू में बांग्लादेश के साथ पहला मुकाबला होगा।
इस मुकाबले के दौरान हिमाचल के दर्शकों की निगाहें सुषमा पर टिकी रहेंगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में सुषमा वर्मा भूमिका निभाएंगी। 23 साल की सुषमा इससे पहले भी इंडिया की ओर से खेल चुकी हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ होने जा रहे मुकाबले में हिमाचल के दर्शकों निगाहें सुषमा वर्मा पर भी टिकीं रहेंगी। सुषमा वर्मा हिमाचल की ओर से इंटरनेशनल खेलने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। टीम इंडिया में चयन पर सुषमा वर्मा को एचपीसीए ने बधाई दी है।
सुषमा को मिली टीम में जगह : मरवाह
प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव विशाल मरवाह ने सुषमा वर्मा के टीम इंडिया में चयन की पुष्टि की है। मरवाह ने बताया कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य से खिलाड़ी निकलकर टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह एचपीसीए और हिमाचल के लोगों के लिए गर्व की बात है।