बरेका गोल्फ कोर्स को मिलेगी नई कार्ट
बरेका के गोल्फ खिलाड़ियों को एक नई गोल्फ कार्ट रविवार को मिल जाएगी। इसका उद्घाटन बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, गोल्फ कार्ट मिलने के बाद खेल का सामान लेकर आने-जाने में सहूलियत होगी। गोल्फर मनोज मांझी ने बताया कि यहां नई कार्ट मिल जाने के बाद खिलाड़ियों को एक से दूसरी जगह जा सकेंगे। गोल्फ कोर्स पर एक शॉर्ट खेलने के बाद खिलाड़ी को दूसरी जगह पैदल जाने में वक्त लगता था।
संजोई अखाड़े में दंगल करेंगे 150 पहलवान
कुराश एसोसिएशन की ओर से एक दिवसीय दंगल संजोई अखाड़े में होगा। वाराणसी के 150 पहलवान इसमें हिस्सा लेंगे। आयोजन सचिव अजीत पाल ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई। संजोई अखाड़े में दोपहर तीन से शाम छह बजे तक अलग-अलग भारवर्ग में दंगल होगा। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
कराटे में पदक विजेता 16 खिलाड़ियों का सम्मान आज
बीएचयू में खेली गई अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान समारोह रविवार शाम चार बजे होगा। विश्वकर्मा मार्शल आर्ट की तरफ से 16 खिलाड़ियों को दनियालपुर में सम्मानित किया जाएगा। निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि 16 खिलाड़ियों ने 29 पदक जीते थे। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मेजर अरविंद सिंह और कारगिल योद्धा अजय सिंह पुरस्कृत करेंगे। इस दौरान उनका मनोबल भी बढ़ाया जाएगा।
सात मई को स्मृति कुश्ती
अंडर-17 सब जूनियर बालक बालिका पंडित गुप्तेश्वर मिश्र स्मृति जिला कुश्ती 7 मई को निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज महमूरगंज में खेली जाएगी। वजन में 1 किलो की छूट दी जाएगी। 2008 से 2009 के बीच और 2010 वाले खिलाड़ी चिकित्सा और माता-पिता के प्रमाणपत्र के साथ भाग ले सकते हैं आयु का सत्यापन आधार कार्ड, पासपोर्ट, निवास प्रमाण पत्र, 5 साल पुराना जन्म प्रमाण पत्र के द्वारा किया जाएगा। आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाण पत्र साथ में आना होगा। दस्तावेज की जांच सुबह 8 बजे से होगी।
टेबल टेनिस खेलतीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
टेबल टेनिस : पूजा ने सानवी को हराया
ग्रीष्म कालीन टेबल टेनिस शिविर का शुभारंभ शनिवार सुबह मुख्य अतिथि हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने किया। कहा कि टेनिस से एकाग्रता बढ़ती है। पहले दिन बालिका वर्ग का अभ्यास मैच हुआ। पूजा पटेल ने सानवी को दो सेट में हरा दिया। तीन सेट के मैच में पहला सेट सानवी ने 11-7 से जीत लिया।
कम बैक करते हुए पूजा पटेल ने लगातार दो सेट 11-4, 11-9 जीता। परमानंदपुर के विकास इंटर काॅलेज में टेबल टेनिस प्रशिक्षण शिविर के लिए 40 बालिका खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण 21 दिन तक चलेगा। दो सत्रों में खिलाड़ियों को तकनीकी पक्षों की जानकारी दी जाएगी।
कबड्डी में भाग लेने वाली टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कबड्डी : यूपी को सर्विसेज से मिली हार
भारतीय कबड्डी संघ की ओर से आंध्रप्रदेश की राजधानी अमरावती में खेली जा रही सीनियर फेडरेशन कप में काशी के दोनों खिलाड़ियों को पहले दो मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला। यूपी टीम पहले दिन दो मुकाबले में एक जीत और एक हार से दो अंक हासिल करने में कामयाब रही।
प्रतियोगिता के लिए वाराणसी के दो खिलाड़ियों दिव्यांशु और रोनित सिंह का चयन यूपी टीम में हुआ है। जिला कबड्डी संघ के सचिव विनय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता 2-5 मई तक खेली जाएगी। यूपी ने पहले मैच में गोवा की टीम को हरा दिया जबकि सर्विसेज की टीम से हार का सामना करना पड़ा।
निशानेबाजों के साथ सुमेधा।
- फोटो : अमर उजाला
कोरिया में तीसरे अंतरराष्ट्रीय मेडल पर निशाना साधेंगी शूटर सुमेधा
निशानेबाजी में काशी का नाम रोशन कर रही पैरा शूटर सुमेधा पाठक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह 27 मई को कोरिया रवाना होंगी। अब तक नेशनल में आठ और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में दो रजत पदक जीत चुकी हैं। इस बार पदक का रंग सुनहरा करने के लिए उतरेंगी। सुमेधा 10 मीटर पिस्टल में 14 पदक जीत चुकी हैं।
पिता ब्रजेश पाठक ने बताया कि 2013 में दसवीं के दौरान मल्टी ड्रग ट्यूबरक्लॉसिस की वजह से सुमेधा के शरीर के निचले हिस्से (कमर से लेकर पैर तक) ने काम करना बंद कर दिया, लेकिन उसने हार नहीं मानी। शुरुआत 10 मीटर एयर पिस्टल से की और 2018 में पहली सफलता प्री-स्टेट शूटिंग में स्वर्ण जीतने पर मिली। फ्रांस में रजत और कोरिया में भी रजत जीता था। 2023 में चीन में एशियन गेम्स शूटिंग प्रतियोगिता में सातवें स्थान पर संतोष करना पड़ा था।
साइकिल मैराथन में हिस्सा लेते विधायक और अन्य लोग।
- फोटो : अमर उजाला
युवा वर्ग में भाजपा विधायक सौरभ ने जीती साइकिल मैराथन
जंगमबाड़ी वॉरियर्स ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय फिटनेस दिवस पर छह किमी की साइकिल मैराथन हुई। युवा वर्ग में कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव और वरिष्ठ में रमापुरा के पार्षद रामगोपाल वर्मा मैराथन में सबसे आगे रहे। मुख्य अतिथि विधायक कैंट का स्वागत आयोजन सचिव समाजसेवी विनोद राव पाठक ने किया।
विधायक ने कहा कि इसका उद्देश्य लोगो को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। मोटापा और मधुमेह महामारी का रूप ले रहे हैं। इससे बचने के लिए शारीरिक श्रम करना चाहिए। रैली जंगमबाड़ी से शुरू होकर मदनपुरा, पांडेय हवेली, सोनारपुरा, भेलूपुर, कमच्छा, गुरुबाग, लक्सा, रामापुरा, खारीकुवां होते हुए जंगमबड़ी में खत्म हुई। संचालन रवि सिंह ने किया। इस मौके पर शुभम चौरसिया, शुभम गुप्ता, राम शर्मा और प्रतीक शर्मा मौजूद रहे। इस दौरान 150 लोगों ने प्रतिभाग किया।
मई के पहले शनिवार को होता है नेशनल फिटनेस डे
नेशनल फिटनेस डे हर वर्ष मई के पहले शनिवार को मनाया जाता है। इस साल 3 मई को मनाया गया। इस बार की थीम शारीरिक और मानसिक फिटनेस को बढ़ावा रही। प्रतिभागियों ने बताया कि मैराथन में हिस्सा लेने से काफी फायदा हुआ।