दुनिया की दूसरे नंबर की बैडमिंटन खिलाड़ी चीन की शिजियान वांग के खिलाफ लंबे अरसे बाद वही साइना नेहवाल दिखाई दीं, जिन्होंने अपने खेल से विश्व की शीर्ष खिलाड़ियों के माथे पर पसीने ला दिए थे। खराब दौर से उबरने के बाद तूफानी प्रदर्शन कर रहीं साइना ने शनिवार को यहां ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में वांग को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में शान से प्रवेश किया। भारतीय स्टार ने यह मुकाबला एक घंटे और 16 मिनट में 21-19, 16-21, 21-15 से अपने नाम किया। छठी वरीयता प्राप्त साइना टूर्नामेंट जीतती हैं तो उनका यह साल का दूसरा मुकाबला होगा। इससे पहले उन्होंने इस साल सैय्यद मोदी ग्रां प्री टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। वांग के खिलाफ साइना की यह आठ मैचों में पांचवीं जीत है। साइना ने शानदार जीत की खुशी ट्वीट कर दी, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘दुनिया की दूसरे नंबर की शिजियान को तीन गेम के कड़े मुकाबले में मात दी और ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज के फाइनल में जगह बनाई।’
चीनी खिलाड़ी के खिलाफ अपने पिछले दो मुकाबले हारने वाली साइना ने शीर्ष वरीयता प्राप्त वांग को हराने के दौरान जबरदस्त खेल दिखाया। वांग ने हाल ही में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में नेहवाल को मात दी थी। पहले गेम में एक समय स्कोर 19-19 से बराबरी पर पहुंच गया, लेकिन आखिरकार भारतीय खिलाड़ी बाजी मारने में सफल रही। दूसरे गेम में वांग ने वापसी करते हुए 16-16 से बराबर चल रहे स्कोर को अपनी जीत में तब्दील कर दिया। मगर निर्णायक गेम में साइना ने और अधिक प्रतिबद्ध प्रदर्शन करते हुए गेम और मैच अपने नाम कर लिया। फाइनल में साइना का मुकाबला स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा। दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी कैरोलिना ने जापान की युई हाशिमोतो को 21-17, 21-16 से हराया।