भारत की स्टार शटलर साइना नेहवाल को लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक समेत विभिन्न टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्लूएफ) ने 2012 की वर्ष की श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया है। दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी साइना इस शीर्ष पुरस्कार के लिए नामित पांच दावेदारों में अकेली गैर चीनी खिलाड़ी हैं।
बीडब्लूएफ के अनुसार साइना के अलावा जिन अन्य खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है, उनमें लंदन ओलंपिक में स्वर्ण पदक समेत आठ खिताब जीतने वाली चीन की ली झूरेई, ओलंपिक रजत पदक विजेता वांग यिहान, महिला डबल्स स्वर्ण पदक विजेता जोड़ी तियान क्विंग और झाओ युनलेई शामिल हैं।
साइना ने 2012 में दो सुपर सीरीज और दो ग्रां प्री गोल्ड प्रतियोगिता जीती। इसके अलावा उन्होंने लंदन ओलंपिक में सिगल्स वर्ग का कांस्य पदक भी जीता। उन्होंने इंडोनेशियाई ओपन और डेनमार्क ओपन सुपरी सीरीज खिताब तथा थाईलैंड ओपन ग्रां प्री और स्विस ओपन ग्रां प्री गोल्ड प्रतियोगिताएं जीती।
पुरुष वर्ग में जिन खिलाड़ियों को पुरस्कार के लिए नामित किया गया है उनमें दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता चीन के लिन डान और उनके प्रतिद्वंद्वी मलयेशियाई और वर्तमान में दुनिया के नंबर वन शटलर ली चोंग वेई भी शामिल हैं।