भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने बेहद शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सिडनी में शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में नेहवाल ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी शिजियान वांग को कांटेदार संघर्ष में 21-19, 16-21, 21-15 से हरा दिया।
साइना साल में अपने दूसरे खिताब से महज एक कदम दूर रह गई हैं।
छठी वरीयता प्राप्त साइना ने चीनी प्रतिद्वंद्वी को हराने में एक घंटा 16 मिनट का समय लिया।
जीत के बाद साइना ने ट्विट करते हुए लिखा, "दुनिया में दूसरे नंबर की खिलाड़ी वांग के 3 गेम में हराना बेहद मुश्किल काम था। ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर सीरीज के फाइनल में।"
भारतीय खिलाड़ी की चीनी खिलाड़ी वांग पर यह पांचवीं जीत है। इसके साथ ही दोनों के बीच जीत-हार का रिकॉर्ड 5-3 का हो गया है। साइना को इस खिलाड़ी से आज के मुकाबले से पहले अपने दोनों मैच गंवाए थे।
साइना ने अब तक इस महज एक खिताब जीता है और वह है दिल्ली में इंडियन ओपन ग्रैंड प्रिक्स गोल्ड।
इससे पहले साइना ने तूफानी प्रदर्शन करते हुए जापान की ऐरिको हिरोसे को एकतरफा अंदाज में 21- 18, 21-9 से पीटकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।