भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने साल की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में करते हुए खिताबी जीत के साथ आगाज किया है।
पेनांग (मलयेशिया) में खेले गए टूर्नामेंट में सिंधू ने गैरवरीयता प्राप्त स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमौर को एकतरफा मुकाबले में 21-15, 21-9 से हरा दिया।
विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त सिंधू इस खिताबी जीत से पहले टूर्नामेंट को 2013 में भी अपने नाम कर चुकी हैं। सिंधू के करियर की यह पांचवां ग्रैंड प्रीक्स गोल्ड खिताब है। इसके अलावा वह 3 बार मकाऊ ओपन (2013, 2014 और 2015) भी जीत चुकी हैं।
इससे पहले सिंधू ने टॉप सीड जी ह्यून संग को हराकर मलयेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी। विश्व चैंपियनशिप में दो बार की कांस्य पदक विजेता सिंधू ने महिलाओं की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व की आठवीं वरीयता प्राप्त कोरिया की खिलाड़ी को 21-19, 12-21, 21-10 से पराजित किया। यह मुकाबला एक घंटे और नौ मिनट तक चला।
मैच से पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच आपस में रिकॉर्ड 2-2 की बराबरी पर था। पहले गेम में दोनों ने एक-दूसरे को बराबर की टक्कर दी और एक समय स्कोर 11-11 की बराबरी पर था। इसके बाद सिंधू ने लगातार सात अंक बनाए और फिर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में सिंधू अपना लय बरकरार नहीं रख सकीं और विपक्षी खिलाड़ी ने दूसरा गेम जीतकर मैच में वापसी कर ली। तीसरे गेम में सिंधू ने हालांकि बेहतरीन खेल दिखाया। शुरू में स्कोर 3-3 की बराबरी पर था। इसके बाद सिंधू ने लगातार सात अंक बनाई और आखिर तक अपनी बढ़त कायम रखीं।
सेमीफाइनल में हार गए थे श्रीकांत
देश के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी विश्व के नौवीं वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत को पुरुष एकल के सेमीफाइनल में ही हार गए। श्रीकांत को विश्व के 51वीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के इसकंदर जुल्करनैन ने 27-25, 21-9 से शिकस्त दी।