अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ करने वाली पंजाब पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) द्वारा बॉक्सर विजेंदर की टेस्ट रिपोर्ट को स्वीकार नहीं करेगी।
पूछताछ के दौरान विजेंदर द्वारा पंजाब पुलिस को बाल और खून के सैंपल देने से इंकार करने के बाद खेल मंत्रालय के आदेश पर नाडा ने विजेंदर के सैंपल लिए हैं।
नाडा की टेस्ट रिपोर्ट को स्वीकार न किए जाने के सवाल पर फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी हरदयाल सिंह मान ने कहा कि पुलिस इसे स्वीकार नहीं कर सकती, क्योंकि इसकी कानूनी वैधता नहीं है। पूरे मामले की जांच से जुड़े अधिकारी सीआरपीसी और आईपीसी के प्रावधानों के तहत सैंपल लेकर उसकी जांच करते हैं।
मान ने कहा कि बॉक्सर विजेंदर के सैंपल लेने के लिए पुलिस जल्द अदालत में आवेदन देगी। विजेंदर की गिरफ्तारी के सवाल पर मान ने कहा कि मौजूदा हालत में वे अभी कुछ नहीं कह सकते। फिलहाल सब कुछ जांच पर निर्भर है और इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों के बयानों को भी ध्यान में रखना होगा।
उधर, राम सिंह की गिरफ्तारी के बाद विजेंदर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने राम सिंह को अदालत में पेश कर 7 अप्रैल तक रिमांड हासिल कर ली है। इस बीच, जांच से जुड़े एक आला अधिकारी ने बताया कि आरोपी रविचरण सिंह उर्फ रवि दयोल की तलाश के लिए पंजाब पुलिस की एक टीम जल्द मुंबई जाएगी।
बॉक्सर विजेंदर की छुट्टी मंजूर
स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) ने ड्रग मामले में फंसे बॉक्सर विजेंदर सिंह की 8 अप्रैल तक छुट्टी मंजूर कर ली है। इस संबंध में लिखित सूचना बृहस्पतिवार को पटियाला के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में पहुंच गई। इससे अब विजेंदर क्यूबा और रूस में होने वाले प्रशिक्षण सह प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेंगे। इन बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के ट्रायल एनआईएस में शुक्रवार से शुरू होने जा रहे हैं। ड्रग मामले में फंसे होने के चलते विजेंदर एनआईएस में चल रहे नेशनल कैंप से पिछले कई दिनों से लगातार गैरहाजिर चल रहे हैं।